
साइबर जागृति अभियान: स्कूलों में निबंध प्रतियोगिता, विद्यार्थियों को साइबर फ्रॉड से बचाव के बताए तरीके
बलौदाबाजार, 19 अगस्त 2026। ‘साइबर अपराध मुक्त छत्तीसगढ़’ बनाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के तहत बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने जिले के विभिन्न स्कूलों एवं शैक्षणिक संस्थानों में साइबर जागरूकता कार्यक्रम और निबंध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया। यह अभियान 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत 19 अगस्त को थाना राजादेवरी, थाना कसडोल और चौकी गिरौदपुरी क्षेत्र के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, OTP फ्रॉड और बैंकिंग धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताए।
राजादेवरी में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
थाना राजादेवरी क्षेत्र के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चांदन में साइबर जागरूकता कार्यक्रम के साथ निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें 86 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इसी तरह शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय राजादेवरी में भी साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। यहां निबंध प्रतियोगिता में 72 विद्यार्थियों ने हिस्सा लेकर साइबर सुरक्षा से जुड़े विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए।
कसडोल में करीब 250 विद्यार्थियों को दी जानकारी
थाना कसडोल क्षेत्र के शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला पिसीद में आयोजित कार्यक्रम में करीब 250 विद्यार्थी शामिल हुए। पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी से बचने के लिए जरूरी सावधानियों की जानकारी दी। कार्यक्रम के बाद विद्यार्थियों को सांत्वना पुरस्कार भी प्रदान किए गए।
गिरौदपुरी में साइबर फ्रॉड से बचाव की दी समझाइश
चौकी गिरौदपुरी क्षेत्र के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गिरौदपुरी में करीब 80 विद्यार्थियों, प्राचार्य एवं शिक्षकों की मौजूदगी में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को साइबर फ्रॉड के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए ऑनलाइन ठगी से बचने के उपाय बताए। विद्यार्थियों को QR कोड स्कैन कराकर साइबर जागृति अभियान से जोड़ा गया। साथ ही निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
OTP और बैंकिंग जानकारी साझा न करने की अपील
बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने विद्यार्थियों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें। अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए QR कोड को स्कैन करने से पहले पूरी सावधानी बरतें। अपना OTP, ATM/डेबिट कार्ड की जानकारी, बैंक खाता विवरण, पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
पुलिस ने बताया कि साइबर फ्रॉड होने की स्थिति में तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज कराएं। समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम को रोकने की संभावना बढ़ सकती है।
साइबर जागृति अभियान के माध्यम से पुलिस विद्यार्थियों और नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने तथा साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने के लिए लगातार जागरूक कर रही है।



