
हर घर तिरंगा अभियान के तहत जिलेभर में उत्साह के साथ आयोजित होंगे विविध कार्यक्रम
जांजगीर-चांपा, 08 अगस्त 2026। हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत जिले में 07 से 17 अगस्त 2026 तक विभिन्न देशभक्ति एवं जनभागीदारी आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। अभियान के तहत जिले के विद्यालयों, ग्राम पंचायतों, आंगनबाड़ी केंद्रों, शासकीय कार्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा फहराने के साथ नागरिकों को अभियान से जोड़ने के लिए विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार पोयाम के मार्गदर्शन में अभियान के तहत 07 एवं 8 अगस्त को ग्राम पंचायत स्तर से लेकर जिला स्तर तक ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगीत एवं वंदे मातरम् का सामूहिक गायन किया गया। वहीं 07 से 17 अगस्त तक तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें समाजसेवी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन, शैक्षणिक संस्थाओं के विद्यार्थी, शिक्षक एवं आम नागरिक उत्साहपूर्वक शामिल हो रहे हैं। विद्यालयों में वंदे मातरम् से संबंधित संगोष्ठी एवं जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में तिरंगा सेल्फी के लिए नागरिकों को प्रोत्साहित किया जा रहा है। नागरिक अपने तिरंगा संबंधी फोटो ‘हर घर तिरंगा’ वेबसाइट पर अपलोड करने के साथ सोशल मीडिया पर #HarGharTiranga एवं #HGT2026 के माध्यम से साझा कर अभियान में सहभागिता कर रहे हैं। अभियान के दौरान स्वतंत्रता सेनानियों, वीरों एवं उनके परिवारों को स्थानीय कार्यक्रमों में तिरंगा सम्मान प्रदान करने, स्थानीय कारीगरों की सहभागिता से तिरंगा मेला आयोजित करने तथा तिरंगा सामग्री की बिक्री के लिए स्टॉल लगाने की गतिविधियां भी प्रस्तावित हैं। साथ ही ‘हर घर तिरंगा एवं वंदे मातरम्’ पर विशेष प्रदर्शनी सार्वजनिक स्थलों, शॉपिंग मॉल, रेलवे स्टेशन, उद्यानों, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में आयोजित की जाएगी। वंदे मातरम् पर आधारित प्रदर्शनी एवं संगीतमय कार्यक्रमों का आयोजन कर सार्वजनिक स्थलों पर देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति भी की जाएगी। इसके अलावा वंदे मातरम् ऑडियो मुहिम के तहत नागरिकों को अपने वंदे मातरम् गायन के वीडियो रिकॉर्ड कर अभियान पोर्टल पर अपलोड करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
इन कार्यक्रमों के माध्यम से जिले में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, राष्ट्रभक्ति एवं एकता की भावना को मजबूत करने के साथ अधिक से अधिक नागरिकों को हर घर तिरंगा अभियान से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से अभियान में उत्साहपूर्वक सहभागी बनने और अपने घरों पर तिरंगा फहराकर राष्ट्रभक्ति का संदेश देने की अपील की है।



