
एक पेड़ माँ के नाम अभियान: संभागायुक्त व कलेक्टर ने किया पौधरोपण, विद्यार्थियों की प्रदर्शनी और अटल डिजिटल सुविधा केंद्र का किया निरीक्षण
जांजगीर-चांपा, 25 जुलाई। पामगढ़ विकासखंड के ग्राम कुटराबोड़ स्थित डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल परिसर में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत आयोजित वृक्षारोपण कार्यक्रम में बिलासपुर संभागायुक्त सुनील जैन एवं कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आम का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने जिलेवासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष रंजना मानेस जांगड़े, उपाध्यक्ष रूपचंद साहू, जिला पंचायत सदस्य प्रीति अजय दिव्य, ग्राम कुटराबोड़ के सरपंच पुष्कर दिनकर, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम, एसडीएम पामगढ़ आर.के. तंबोली, जनपद पंचायत पामगढ़ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी एम.एस. कौशिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान संभागायुक्त एवं कलेक्टर ने विद्यालय परिसर में विद्यार्थियों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यार्थियों की रचनात्मकता, वैज्ञानिक सोच और नवाचार की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी ऐसे प्रयास जारी रखने के लिए प्रेरित किया।
इसके बाद संभागायुक्त सुनील जैन ने कुटराबोड़ स्थित अटल डिजिटल सुविधा केंद्र का निरीक्षण किया और वहां आम नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही डिजिटल सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।



