
खेलों में समग्र विकास के लिए छत्तीसगढ़ तैयार : उप मुख्यमंत्री अरुण साव
रायपुर, 25 अप्रैल 2026। श्रीनगर स्थित शेर-ए-कश्मीर इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस सेंटर में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय खेल चिंतन शिविर में छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव शामिल हुए। इस महत्वपूर्ण आयोजन में केंद्रीय युवा कार्य और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे सहित विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ खेलों के समग्र विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और देश के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ेगा। उन्होंने बताया कि शिविर के पहले दिन खेलों को नई दिशा देने, नीतियों को सशक्त बनाने और जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं को आगे लाने को लेकर व्यापक चर्चा हुई। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विज़न के अनुरूप 2047 तक भारत को खेल महाशक्ति बनाने के लिए केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर कार्य कर रही हैं।
चिंतन शिविर के पहले दिन ‘मेडल स्ट्रेटजी – खेलो इंडिया’ पर गहन मंथन हुआ, जिसमें खेल प्रशिक्षकों की क्षमता वृद्धि, स्पोर्ट्स साइंस के विस्तार और 2048 तक भारत को ओलंपिक पदक तालिका में शीर्ष 5 देशों में शामिल करने के रोडमैप पर चर्चा की गई।
दूसरे सत्र में केंद्र और राज्यों के बीच बेहतर समन्वय, प्रतिभा पहचान, खेल अकादमियों के मानकीकरण और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने की योजनाओं पर जोर दिया गया। विद्यालय स्तर पर खेलों को मजबूत बनाने, शारीरिक शिक्षा को अनिवार्य करने और खिलाड़ियों का समग्र डाटाबेस तैयार करने पर सहमति बनी।
तीसरे सत्र में डोपिंग और खेल नैतिकता पर गंभीर विचार-विमर्श हुआ। प्रतिबंधित दवाओं के उपयोग पर सख्ती, डोपिंग को अपराध की श्रेणी में लाने तथा खिलाड़ियों की सुरक्षा के लिए सेफ गार्डिंग सिस्टम मजबूत करने पर जोर दिया गया।
यह चिंतन शिविर 26 अप्रैल तक जारी रहेगा, जिसमें देश में खेलों के विकास, नीति सुधार और वैश्विक स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लक्ष्य को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे।



