
करमा ग्राम सभा में कलेक्टर का चौपाल, जमीन पर बैठकर सुनी ग्रामीणों की समस्याएं
जांजगीर-चांपा, 14 अप्रैल 2026। बलौदा विकासखंड के ग्राम पंचायत करमा में आयोजित ग्राम सभा में कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने पहुंचकर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। उन्होंने जमीन पर बैठकर लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
कार्यक्रम की शुरुआत भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। कलेक्टर ने बाबा साहेब के विचारों को समाज में अपनाने का आह्वान करते हुए समानता और भाईचारे का संदेश दिया।

कलेक्टर ने ग्राम सभा को ग्रामीण विकास की आधारशिला बताते हुए कहा कि यहां सड़क, सिंचाई, नामांतरण, बंटवारा और विभिन्न योजनाओं से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाते हैं। उन्होंने ग्राम सभा की कार्यवाही में पारदर्शिता और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ग्राम चौपाल के दौरान राशन दुकान संचालक के अनुपस्थित पाए जाने पर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। वहीं जल जीवन मिशन से जुड़ी शिकायत पर तत्काल निरीक्षण कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।
स्वच्छता को बढ़ावा देते हुए कलेक्टर ने प्लास्टिक मुक्त गांव बनाने का आह्वान किया तथा गीले-सूखे कचरे के पृथक्करण पर जोर दिया। इस दौरान स्वच्छता कार्य में जुटी महिलाओं की सराहना भी की गई।
कार्यक्रम में आंगनबाड़ी भवन निर्माण प्रस्ताव पर चर्चा की गई, बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया तथा ग्रामीणों को सुपोषित एवं बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ बनाने की शपथ दिलाई गई।
इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत गोकुल रावटे, जनप्रतिनिधि, सरपंच एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।



