
बिलासपुर प्रेस क्लब भवन का लोकार्पण, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने दी पत्रकारों को नई ऊर्जा
बिलासपुर | 12 अप्रैल 2026। बिलासपुर में प्रेस क्लब के सुसज्जित भवन का लोकार्पण प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव द्वारा किया गया। नगरीय प्रशासन विभाग की ओर से लगभग 31 लाख रुपये की लागत से पुराने भवन का जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कर उसे आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है।
कार्यक्रम उप मुख्यमंत्री के मुख्य आतिथ्य में सम्पन्न हुआ, जबकि इसकी अध्यक्षता विधायक सुशांत शुक्ला ने की। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने प्रेस क्लब के सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि बेहतर संसाधनों के साथ पत्रकार अब और अधिक प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य कर सकेंगे।
उन्होंने बिलासपुर प्रेस क्लब के गौरवपूर्ण इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि शहर के विकास और जनसमस्याओं के समाधान में पत्रकारों की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि समयानुसार प्रेस क्लब की आवश्यकताओं को पूरा किया जाएगा।
शहर में हो रहे विकास कार्यों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में सड़क, पुल-पुलिया सहित विभिन्न आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। इस दौरान उन्होंने अपनी प्रेरणादायक पंक्तियां—
“कोशिश कर, हल निकलेगा, आज नहीं तो कल निकलेगा”—सुनाकर पत्रकारों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री ने प्रसिद्ध गायिका आशा भोंसले के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके संगीत योगदान को याद किया।
समारोह की अध्यक्षता करते हुए विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि प्रेस क्लब सामाजिक असमानताओं को दूर करने और जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों द्वारा उठाए गए मुद्दे शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों को दिशा प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में प्रेस क्लब के अध्यक्ष अजीत मिश्रा ने स्वागत भाषण दिया, जबकि सचिव संदीप करिहार ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर उपाध्यक्ष विजय क्रांति तिवारी, कोषाध्यक्ष किशोर सिंह, सह सचिव हरिकिशन गंगवानी, कार्यकारिणी सदस्य कैलाश यादव सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



