
गोंडवाना कप ऑल इंडिया टेनिस टूर्नामेंट के समापन समारोह में उप मुख्यमंत्री हुए शामिल
बिलासपुर, 10 अप्रैल 2026/ छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री एवं खेल एवं युवा कल्याण मंत्री अरुण साव आज रायपुर के जोरा स्थित इंटरनेशनल टेनिस स्टेडियम में आयोजित गोंडवाना कप ऑल इंडिया टेनिस टूर्नामेंट-2026 के समापन समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने मिश्रित और एकल वर्ग के विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अरुण साव ने कहा कि प्रदेश में गोंडवाना कप जैसे टूर्नामेंट का लगातार आयोजन होना खिलाड़ियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि नियमित प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है और इससे बेहतर खिलाड़ी उभरकर सामने आते हैं। इस बार टूर्नामेंट में 20 राज्यों के 120 खिलाड़ियों की भागीदारी इसकी सफलता को दर्शाती है।
उन्होंने जोर देकर कहा कि खेल और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए टूर्नामेंट आवश्यक हैं। बिना प्रतियोगिताओं के खेल और खिलाड़ी दोनों आगे नहीं बढ़ सकते। ऐसे आयोजन लगातार होते रहने चाहिए।
विजेता खिलाड़ी
महिला डबल्स के फाइनल में उत्तर प्रदेश की शताक्षी चौधरी और अनन्या जैन की जोड़ी ने स्निग्धा पाटिबंडला और इरम जैदी को 3-6, 6-3, 10-7 से हराकर खिताब जीता।
पुरुष डबल्स में महाराष्ट्र के निरव शेट्टी और अनुप बंगार्गी ने प्रसाद इंगाले और परितोष पवार को 6-2, 6-4 से हराया।
महिला एकल में राजस्थान की आयुषी तनवार ने उत्तर प्रदेश की शताक्षी चौधरी को 2-6, 6-2, 6-2 से पराजित किया।
वहीं पुरुष एकल में तेलंगाना के नैशिक रेड्डी गनागामा ने महाराष्ट्र के प्रसाद इंगाले को 7-6 (7-4), 6-3 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
24 से 26 अप्रैल तक खेल मंत्रियों का चिंतन शिविर
अरुण साव ने बताया कि 24 से 26 अप्रैल तक श्रीनगर में खेल मंत्रियों का चिंतन शिविर आयोजित किया जाएगा। इसमें सभी राज्यों के खेल मंत्री, केंद्र सरकार के प्रतिनिधि और अधिकारी शामिल होंगे।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य के साथ-साथ खेलों में भी देश को विश्व स्तर पर अग्रणी बनाने की दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में कार्य किया जा रहा है। इस चिंतन शिविर से खेल विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।



