
श्रमिक हितों की योजनाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो – मंत्री लखन लाल देवांगन
रायपुर, 09 अप्रैल 2026/ छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल की संचालक मंडल की बैठक गुरुवार को नवा रायपुर स्थित मंडल कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने की।
बैठक में मंडल अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह, श्रम विभाग उप सचिव विपुल गुप्ता, प्रभारी श्रमायुक्त एस.एल. जांगड़े, नगरीय प्रशासन विभाग उप सचिव भागवत जायसवाल, कल्याण आयुक्त सुनील मिश्रा, भारत सरकार के प्रतिनिधि सहित मंडल के सचिव गिरीश रामटेके और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में निर्णय लिया गया कि मंडल के अंतर्गत पंजीकृत ऐसे निर्माण श्रमिक, जिन्होंने अब तक अपना पंजीयन नवीनीकरण नहीं कराया है, उनका शत-प्रतिशत नवीनीकरण 30 अप्रैल 2026 तक सुनिश्चित किया जाएगा। श्रमिक अपने नवीनीकरण के लिए जिला श्रम कार्यालय, लोक सेवा केंद्र, “श्रमेव जयते” मोबाइल ऐप और विभागीय पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
श्रम मंत्री लखन देवांगन ने कहा कि श्रमिकों के हितों की रक्षा और उनके समग्र विकास के लिए योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता और जवाबदेही अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सुशासन और पारदर्शिता की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है तथा श्रमिक कल्याण के लिए सरकार निरंतर प्रतिबद्ध है।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए श्रमिक कल्याण योजनाओं के क्रियान्वयन हेतु वार्षिक बजट को स्वीकृति दी गई। इससे सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं को और प्रभावी ढंग से लागू किया जा सकेगा।
इसके अलावा, निर्माण श्रमिकों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने और प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए “ई-श्रम साथी” मोबाइल ऐप विकसित करने को भी मंजूरी दी गई। इस ऐप के माध्यम से श्रमिकों को रोजगार संबंधी जानकारी, पंजीयन सेवाएं और विभिन्न योजनाओं का लाभ आसानी से मिल सकेगा।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि जिला स्तर पर सतत श्रमिक सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक श्रमिकों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचे और वे उनका लाभ उठा सकें।



