खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की मेजबानी प्रदेश के लिए गर्व की बात: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय
रायपुर, 01 अप्रैल 2026/ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज उनके निवास कार्यालय में केंद्रीय खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे ने सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा, भारतीय खेल प्राधिकरण के उप महानिदेशक मयंक श्रीवास्तव एवं खेल विभाग के सचिव यशवंत कुमार भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने रक्षा निखिल खडसे का शॉल, बस्तर आर्ट से निर्मित आकर्षक प्रतिकृति तथा बस्तर दशहरा पर आधारित कॉफी टेबल बुक भेंट कर आत्मीय स्वागत किया।
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें सही अवसर, संसाधन और मंच देने की है। राज्य सरकार खेल एवं सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
उन्होंने बताया कि हाल ही में आयोजित बस्तर एवं सरगुजा ओलंपिक ने प्रदेश को नई पहचान दिलाई है। इन आयोजनों से कई छिपी प्रतिभाएं सामने आई हैं, जिससे खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ा है। सरकार उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और सुविधाएं देकर आगे बढ़ाने पर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026’ की मेजबानी प्रदेश के लिए गर्व की बात है। इससे आदिवासी अंचलों के युवाओं में नई ऊर्जा का संचार होगा और उन्हें राष्ट्रीय मंच मिलेगा। उन्होंने यह भी कहा कि बस्तर क्षेत्र में शांति स्थापित होने और मुख्यधारा से जुड़ने के कारण आने वाले समय में खेलों में युवाओं की भागीदारी और बढ़ेगी।
उन्होंने ‘बस्तर पंडुम’ का उल्लेख करते हुए बताया कि इस आयोजन में पारंपरिक खेल, गायन, वादन, वेशभूषा और व्यंजनों सहित 12 विधाओं में लगभग 54 हजार प्रतिभागियों की भागीदारी प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक और खेल विरासत का सशक्त उदाहरण है।
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे ‘खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026’ में शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ प्रवास पर हैं। जगदलपुर में आयोजित इस कार्यक्रम को उन्होंने आदिवासी सशक्तिकरण, जमीनी स्तर पर प्रतिभा खोज और खेलों के माध्यम से राष्ट्र निर्माण की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल बताया।



