
मरकाटोला घाट सड़क हादसा: उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का जाना हाल
धमतरी में ‘आंगन मिलन सेवा’ से बच्चों और महिलाओं को मिल रहा पोषण व जागरूकता का लाभ
रायपुर, 1 अक्टूबर 2026। नेशनल हाईवे-30 के मरकाटोला घाट में हुए सड़क हादसे में घायल कवर्धा के लोगों से मिलने उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा रायपुर के पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय पहुंचे। उन्होंने अस्पताल में भर्ती घायलों और उनके परिजनों से मुलाकात कर इलाज की स्थिति की जानकारी ली।
उप मुख्यमंत्री ने घायल रोमन सोरा से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य के बारे में पूछा। उन्होंने परिजनों से भी अस्पताल में मिल रही सुविधाओं और उपचार की जानकारी ली। परिजनों ने अस्पताल की उपचार व्यवस्था पर संतोष जताया।
पैरों का होना है ऑपरेशन
उप मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों से घायल की स्थिति और आगे होने वाले उपचार के बारे में जानकारी ली। चिकित्सकों ने बताया कि रोमन सोरा के पैरों का ऑपरेशन किया जाना है। उनकी शारीरिक स्थिति सामान्य होने के बाद ऑपरेशन सहित जरूरी चिकित्सकीय प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

इस पर उप मुख्यमंत्री ने डॉक्टरों और संबंधित अधिकारियों को घायल का बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान अस्पताल अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर, हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. सुंदरानी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
हादसे के बाद से उपचार की लगातार निगरानी
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा हादसे के बाद से घायलों के इलाज की जानकारी लगातार ले रहे हैं। हादसे में घायल एक व्यक्ति को बेहतर उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहां आयुष्मान कार्ड के माध्यम से निःशुल्क उपचार की व्यवस्था की गई है।
घायलों के परिजनों के ठहरने के लिए सेवा सदन में निःशुल्क व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई थी।
चार घायल अस्पताल से डिस्चार्ज
उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पतालों में भर्ती सभी घायलों को जरूरी और बेहतर चिकित्सा सुविधा मिले। उन्होंने कहा कि इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही या कमी नहीं होनी चाहिए।
स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद हादसे में घायल अरमान कोसले, गणेश पात्रे, प्रदीप साहू और दीप चन्द्र को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है।



