
जांजगीर-चांपा में चला स्वच्छता अभियान, कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने किया श्रमदान
जांजगीर-चांपा, 1 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत जांजगीर-चांपा जिले में गुरुवार को व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026 के अंतर्गत ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने मिलकर श्रमदान किया। जिला स्तरीय कार्यक्रम ग्राम पंचायत खोखरा स्थित मनका दाई मंदिर परिसर में आयोजित हुआ। यहां कलेक्टर जन्मेजय महोबे सहित जनप्रतिनिधियों ने साफ-सफाई कर लोगों को स्वच्छता का संदेश दिया।
अभियान के दौरान मनका दाई मंदिर परिसर और खोखरा बाजार क्षेत्र में सफाई की गई। सार्वजनिक स्थानों, सड़कों के किनारे और आसपास फैले कचरे को हटाया गया। इस पहल के माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए इसे जनभागीदारी से जनआंदोलन बनाने का संदेश दिया गया।

स्वच्छता को रोजमर्रा की आदत बनाएं: कलेक्टर
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी अभियान या एक दिन तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना जरूरी है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने घर, गली, मोहल्ले और गांव की साफ-सफाई में योगदान देना चाहिए।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे प्रतिदिन कुछ समय अपने आसपास की सफाई के लिए निकालें और कचरा इधर-उधर न फेंकें। सामूहिक प्रयासों से ही गांवों और शहरों को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाया जा सकता है। आसपास सफाई रहने से वातावरण बेहतर होगा और लोगों के स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक असर पड़ेगा।

स्वच्छता दीदियों का किया गया सम्मान
कार्यक्रम में स्वच्छता के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने वाली स्वच्छता दीदियों को सम्मानित किया गया। कलेक्टर और जनप्रतिनिधियों ने उनके कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि महिला समूहों और स्वच्छता कार्यकर्ताओं का योगदान गांव-गांव तक स्वच्छता का संदेश पहुंचाने में महत्वपूर्ण है।
इस दौरान कलेक्टर ने उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। सभी ने घर, गांव और सार्वजनिक स्थलों को साफ रखने, कचरा निर्धारित स्थान पर डालने तथा स्वच्छता गतिविधियों में भाग लेने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में पूर्व संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े, जिला पंचायत सदस्य प्रियंका पुष्पेंद्र सिंह और राजकुमार साहू, जनपद पंचायत नवागढ़ अध्यक्ष कांता मनमोहन कश्यप, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पांडेय, अपर कलेक्टर स्निग्धा तिवारी, जनपद पंचायत सीईओ बी.आर. वर्मा, खोखरा सरपंच दुर्गा अजय राठौर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और ग्रामीण उपस्थित रहे।
सभी जनपद पंचायत क्षेत्रों में भी हुई सफाई
जिले के सभी जनपद पंचायत क्षेत्रों में भी ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ अभियान के तहत सामूहिक श्रमदान किया गया। ग्राम पंचायतों में ग्रामीणों, युवाओं, विद्यार्थियों और स्व-सहायता समूहों ने सार्वजनिक स्थलों, तालाबों, पहुंच मार्गों और आसपास के क्षेत्रों की सफाई की। अमृत सरोवरों के आसपास भी स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की गईं।
अभियान के दौरान जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत सार्वजनिक स्थलों और अमृत सरोवरों के आसपास पौधरोपण को प्रोत्साहित किया गया। इसका उद्देश्य स्वच्छता के साथ हरित क्षेत्र को बढ़ावा देना और पर्यावरण के प्रति लोगों की जिम्मेदारी बढ़ाना है।
वृद्धाश्रम पहुंचकर कलेक्टर ने जाना बुजुर्गों का हाल
अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर कलेक्टर जन्मेजय महोबे खोखरा स्थित देव सेवा समिति निःशक्त एवं वृद्धाश्रम पहुंचे। यहां उन्होंने निवासरत बुजुर्गों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और उनके साथ समय बिताया।
कलेक्टर ने बुजुर्गों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य, भोजन, आवास और साफ-सफाई सहित अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को वृद्धाश्रम में रहने वाले बुजुर्गों की जरूरतों का विशेष ध्यान रखने और सभी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि वृद्धजनों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए वृद्धाश्रम में उपलब्ध सुविधाओं की नियमित निगरानी की जाए।



