
युवा ही विकसित छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी ताकत: मुख्यमंत्री साय
शहरों की सफाई के लिए 49.66 करोड़ के 50 काम मंजूर
रायपुर, 24 सितंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि युवा शक्ति ही विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा को सही दिशा देकर समाज और प्रदेश में बड़ा बदलाव लाया जा सकता है।
रायपुर के पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के राज्य स्तरीय स्थापना दिवस एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में शामिल होकर एनएसएस स्वयंसेवकों को शुभकामनाएं दीं और बेहतर काम करने वाले स्वयंसेवकों को सम्मानित किया।
सेवा के कामों में आगे आएं युवा
मुख्यमंत्री ने एनएसएस स्वयंसेवकों से ‘सेवा संकल्प अभियान’ में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा स्वच्छता, रक्तदान, पौधरोपण, जल संरक्षण, नशामुक्ति और स्वास्थ्य जागरूकता जैसे कामों में लोगों को जोड़ सकते हैं।
उन्होंने कहा कि किसी छोटे सेवा कार्य को भी कम नहीं समझना चाहिए। एक युवा की छोटी-सी पहल भी दूसरे लोगों को प्रेरित कर सकती है।
रोजगार और शिक्षा के क्षेत्र में बढ़ रहे अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं के लिए शिक्षा, सरकारी नौकरी, रोजगार, खेल, स्टार्टअप और नई तकनीक के क्षेत्र में अवसर बढ़ाने पर काम कर रही है।
उन्होंने बताया कि पुलिस विभाग में करीब 7 हजार युवाओं की भर्ती की गई है। शिक्षक और व्याख्याता सहित अन्य पदों पर भी भर्ती प्रक्रिया चल रही है। बिजली कंपनियों में 1,235 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है।
निजी क्षेत्र में रोजगार बढ़ाने के लिए भी रोजगार मेलों का आयोजन किया जाएगा।
2030 तक 5 हजार स्टार्टअप का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने युवाओं से केवल नौकरी पाने के बजाय रोजगार देने वाला बनने का भी आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि स्टार्टअप नीति के तहत वर्ष 2030 तक प्रदेश में 5 हजार स्टार्टअप को प्रोत्साहित करने का लक्ष्य रखा गया है। युवाओं को अपने नए विचारों को कारोबार में बदलने के लिए मदद और बेहतर माहौल देने की दिशा में काम किया जा रहा है।
6 लाख विद्यार्थियों को मिलेगा AI प्रशिक्षण
मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI की भूमिका और बढ़ेगी। इसी को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री एआई मिशन के लिए 500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
इस मिशन के तहत प्रदेश के करीब 6 लाख विद्यार्थियों को AI का प्रशिक्षण देने का लक्ष्य रखा गया है।
प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए नालंदा परिसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को बेहतर सुविधाएं देने के लिए प्रदेश में नालंदा परिसर तैयार किए जा रहे हैं। यहां युवाओं को पढ़ाई के लिए बेहतर वातावरण, किताबें और दूसरी जरूरी सुविधाएं मिलेंगी।
दिल्ली के ट्राइबल यूथ हॉस्टल की क्षमता बढ़ाकर 200 सीट की गई है। मुख्यमंत्री ने बताया कि इस बार हॉस्टल के 13 विद्यार्थियों ने यूपीएससी की प्रारंभिक परीक्षा पास की है।
उद्योग आने से रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर
मुख्यमंत्री ने बताया कि नई औद्योगिक विकास नीति 2024-30 में स्थानीय युवाओं को रोजगार देने पर विशेष ध्यान दिया गया है। पिछले डेढ़ साल में प्रदेश को 8.25 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिलने की जानकारी उन्होंने दी।
सरकार का कहना है कि नए उद्योगों और निवेश का लाभ प्रदेश के युवाओं को रोजगार के रूप में मिले, इसके लिए नीति में विशेष प्रावधान किए गए हैं।
खिलाड़ियों को भी रोजगार का अवसर
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल के क्षेत्र में अच्छा प्रदर्शन करने वाले युवाओं को भी आगे बढ़ने के अवसर दिए जा रहे हैं। प्रदेश के 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए सरकारी नौकरी का रास्ता साफ किए जाने की जानकारी उन्होंने दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की मेहनत, प्रतिभा, नवाचार और सेवा भावना से छत्तीसगढ़ विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ सकता है।
कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री टंकराम वर्मा, उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारी, विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों के प्रतिनिधि, एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी और बड़ी संख्या में स्वयंसेवक मौजूद रहे। समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले एनएसएस स्वयंसेवकों को सम्मानित भी किया गया।



