
जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनी लोगों की समस्याएं, 65 आवेदन मिले
जांजगीर-चांपा, 22 सितंबर 2026। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में जिले के अलग-अलग गांवों और शहरों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं। लोगों ने अपनी मांग, शिकायत और विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याएं कलेक्टर के सामने रखीं।
कलेक्टर ने सभी आवेदकों से बातचीत कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली और संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जनदर्शन में कुल 65 आवेदन प्राप्त हुए।
कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि जनदर्शन में आने वाले आवेदनों को प्राथमिकता से जांच करें और जो लोग योजनाओं के लिए पात्र हैं, उन्हें नियमानुसार लाभ दिलाएं। उन्होंने सभी मामलों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश भी दिए।
इन समस्याओं को लेकर पहुंचे लोग
जनदर्शन में बलौदा तहसील के ग्राम बुड़गहन निवासी बोधराम ने नवीन पर्ची बनवाने, नरसिंह गोड़ ने वृद्धावस्था पेंशन और रसौटा निवासी लोकेन्द्र सिंह गौतम ने फार्मर आईडी एवं एग्रीस्टैक से जुड़ी समस्या को लेकर आवेदन दिया।
इसी तरह पामगढ़ तहसील के ग्राम भंवतरा निवासी बुधराम खुटे ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने, शिवरीनारायण तहसील के ग्राम कटौद निवासी चीनी बाई बंजारे ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ दिलाने और अकलतरा निवासी अमित कुमार थवाईत ने चरित्र प्रमाण पत्र बनवाने के संबंध में आवेदन दिया।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को सभी आवेदनों की जांच कर पात्रता के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।



