
चांपा में विद्याभारती क्षेत्रीय कबड्डी प्रतियोगिता का समापन, उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
जांजगीर-चांपा, 21 सितंबर 2026। चांपा के सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित विद्याभारती मध्य क्षेत्र क्षेत्रीय कबड्डी खेलकूद प्रतियोगिता-2026 का समापन समारोह हुआ। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव शामिल हुए और प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
समापन समारोह में विजेता टीम के खिलाड़ियों को मोमेंटो, प्रशस्ति पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया।
खेल से मिलता है अनुशासन और आत्मविश्वास
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि अच्छे स्वास्थ्य के लिए खेलना बेहद जरूरी है। स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का विकास होता है। विद्यार्थियों और युवाओं को पढ़ाई के साथ प्रतिदिन खेलों के लिए भी समय देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि खेल में जीत और हार दोनों होती हैं, लेकिन हर खिलाड़ी इससे कुछ न कुछ सीखता है। खेल हमें स्वास्थ्य, अनुशासन, आत्मविश्वास और ऊर्जा देता है तथा जीवन में अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
असफलता से सीखकर आगे बढ़ें
उप मुख्यमंत्री ने बच्चों का उदाहरण देते हुए कहा कि जब बच्चा चलना सीखता है तो वह कई बार गिरता है, लेकिन हर बार उठकर दोबारा प्रयास करता है। इसी तरह जीवन में असफलता मिलने पर निराश होने के बजाय उससे सीख लेकर फिर प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मन, समर्पण और संकल्प के साथ किया गया प्रयास सफलता की राह खोलता है। आत्मविश्वास और ऊर्जा से भरा व्यक्ति ही जीवन में आगे बढ़ता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
शिक्षा के साथ संस्कार और अनुशासन जरूरी
सांसद कमलेश जांगड़े ने कहा कि सरस्वती शिशु मंदिर में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ अनुशासन और शिष्टाचार की सीख दी जाती है। यह संस्कार विद्यार्थियों को भविष्य में एक अच्छा इंसान बनने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि सरस्वती शिशु मंदिर के विद्यार्थी शिक्षा के साथ-साथ खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में भी आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों और विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम को जुड़ावन सिंह ठाकुर और सुधीर देव ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों की सहभागिता और उनकी उपलब्धियां गर्व की बात हैं। जीत और हार दोनों जीवन में महत्वपूर्ण सीख देती हैं। खेल से शारीरिक, मानसिक और व्यक्तित्व का विकास होता है।
कार्यक्रम में पूर्व संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े, पूर्व सांसद कमला देवी पाटले, जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी, नगर पालिका चांपा अध्यक्ष प्रदीप नामदेव, नगर पालिका जांजगीर-नैला अध्यक्ष रेखा देवा गढ़ेवाल सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।



