
सेवा संकल्प अभियान: रायगढ़ का पंजीयन कार्यालय बना नागरिक सुविधा का मॉडल
शशि चौधरी को चांपा और पवन कोसमा को मिली पामगढ़ SDM की जिम्मेदारी
रायपुर, 19 सितंबर 2026। रायगढ़ का पंजीयन कार्यालय अब पहले की तुलना में ज्यादा व्यवस्थित और नागरिकों के लिए सुविधाजनक बनाया गया है। सेवा संकल्प अभियान के तहत यहां ऐसी व्यवस्थाएं शुरू की गई हैं, जिससे लोगों को रजिस्ट्री के काम के लिए अनावश्यक परेशानी और बार-बार कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी की पहल से विकसित किए गए इस मॉडल पंजीयन कार्यालय में पूरी व्यवस्था का फोकस अब नागरिकों की सुविधा पर रखा गया है।
प्रवेश से लेकर रजिस्ट्री तक आसान व्यवस्था
कार्यालय पहुंचने पर सबसे पहले हेल्प डेस्क और रिसेप्शन के जरिए लोगों को जरूरी जानकारी दी जाती है। दस्तावेजों की शुरुआती जांच भी कराई जाती है, ताकि किसी कमी का पता पहले ही चल जाए और बाद में परेशानी न हो।
भीड़ और लंबी कतार से बचने के लिए टोकन सिस्टम लागू किया गया है। मुद्रांक शुल्क, पंजीयन शुल्क और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी बोर्ड और डिजिटल डिस्प्ले पर उपलब्ध कराई जा रही है।
डिजिटल और कैशलेस भुगतान की सुविधा से भुगतान प्रक्रिया भी आसान और पारदर्शी हुई है।
रोजाना 64 नागरिकों को मिल रही सेवा
मॉडल पंजीयन कार्यालय में प्रतिदिन औसतन 64 नागरिक सेवाएं प्राप्त कर रहे हैं, जबकि करीब 16 दस्तावेजों का रोजाना पंजीयन हो रहा है। नागरिकों का औसत प्रतीक्षा समय 15.33 मिनट दर्ज किया गया है।
कार्यालय को लेकर अब तक 105 सकारात्मक नागरिक प्रतिक्रियाएं भी दर्ज की गई हैं।
पूरी प्रक्रिया को 9 चरणों में किया गया व्यवस्थित
नागरिकों की सुविधा के लिए पंजीयन की पूरी प्रक्रिया को 9 चरणों में व्यवस्थित किया गया है। इसमें कार्यालय में प्रवेश से लेकर हेल्प डेस्क से जानकारी लेना, दस्तावेजों की जांच, टोकन लेना, प्रतीक्षा, पंजीयन, डिजिटल भुगतान, दस्तावेज और स्टेटस की जानकारी तथा काम पूरा होने के बाद बाहर निकलने तक की व्यवस्था शामिल है।
बुजुर्गों और दिव्यांगजनों के लिए भी विशेष सुविधा
कार्यालय में वातानुकूलित प्रतीक्षालय, लाउंज, चार्जिंग स्टेशन, स्वच्छ पेयजल और शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए विशेष सहायता की व्यवस्था की गई है।
नागरिक क्यूआर कोड के माध्यम से अपने अनुभव और सुझाव भी सीधे साझा कर सकते हैं।
तकनीक के साथ व्यवहार में भी बदलाव
कार्यालय में सेवाओं को बेहतर तरीके से चलाने के लिए अलग सर्वर रूम और मजबूत आईटी व्यवस्था तैयार की गई है। यहां केवल नई तकनीक पर ही ध्यान नहीं दिया गया है, बल्कि प्रक्रिया को आसान बनाने, पारदर्शिता बढ़ाने और नागरिकों के साथ बेहतर व्यवहार को भी व्यवस्था का हिस्सा बनाया गया है।
रायगढ़ का यह मॉडल पंजीयन कार्यालय सरकारी सेवाओं को तकनीक और बेहतर व्यवस्था के जरिए नागरिकों के लिए आसान बनाने की दिशा में एक पहल के रूप में सामने आया है। इसका उद्देश्य लोगों के समय की बचत करना और उन्हें पंजीयन की प्रक्रिया में बेहतर सुविधा देना है।



