
आशीर्वाद के दीयों से जगमगाए अमृत सरोवर और पीएम आवास
जांजगीर-चांपा, 18 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर की शाम जांजगीर-चांपा जिले में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम उत्साह के साथ मनाया गया। शाम 7 बजे शहर से लेकर गांव तक घरों, ग्राम पंचायत भवनों, अमृत सरोवरों के किनारे, स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों और शासकीय संस्थानों में दीप जलाए गए।
दीपों की रोशनी के साथ लोगों ने सेवा, स्वच्छता, जनभागीदारी और विकसित भारत के संकल्प का संदेश दिया। कार्यक्रम में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, स्व-सहायता समूह की महिलाओं, अधिकारी-कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
प्रधानमंत्री आवास के आंगन में भी जले दीप
प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही परिवारों ने अपने पक्के घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाया। घर का सपना पूरा होने की खुशी इन परिवारों के चेहरे और आंगन में जगमगाते दीपों में दिखाई दी।
हितग्राही परिवारों ने सरकारी योजनाओं से मिले लाभ के प्रति आभार जताते हुए सेवा संकल्प अभियान में अपनी भागीदारी निभाई।
अमृत सरोवरों के किनारे दिखा दीपों का उजाला
जिले के अलग-अलग गांवों में अमृत सरोवरों के तट भी दीपों से रोशन हुए। ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और बिहान से जुड़ी स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने मिलकर सरोवर के किनारे दीप जलाए।
जल संरक्षण और सामुदायिक भागीदारी के प्रतीक अमृत सरोवर दीपों की रोशनी में बेहद आकर्षक नजर आए।
बिहान की दीदियों ने जलाया खुशियों का दीप
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ से जुड़ी स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने भी अपने घरों और सामुदायिक स्थानों पर दीप जलाए।
आजीविका गतिविधियों से जुड़कर आर्थिक रूप से मजबूत हो रही लखपति दीदियों और समूह की महिलाओं ने दीप जलाकर अपनी आत्मनिर्भरता की यात्रा की खुशी साझा की।
रोजगार और आजीविका के अवसरों से जुड़े ग्रामीण परिवारों ने भी ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
दीप जलाने के साथ स्वच्छता का संदेश
कार्यक्रम के दौरान ‘स्वच्छता ही सेवा’ के तहत कई जगह स्वच्छता गतिविधियां भी की गईं। ग्राम पंचायतों और सार्वजनिक स्थानों पर ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने श्रमदान किया।
इस दौरान लोगों को संदेश दिया गया कि स्वच्छता केवल किसी अभियान तक सीमित नहीं है, बल्कि घर, गांव और आसपास के वातावरण को साफ रखना हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है।
घर से गांव तक दिखी जनभागीदारी
ग्राम पंचायत भवनों, स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों, अमृत सरोवरों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर दीप जलाए गए। पंचायत प्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों, मैदानी अमले, बिहान की दीदियों और ग्रामीणों ने मिलकर कार्यक्रम में भाग लिया।
जिले में घर से गांव तक और आवास से आजीविका तक जलते दीपों ने सेवा, स्वच्छता, सहभागिता और विकसित भारत के संकल्प का संदेश दिया। ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में जिलेवासियों की भागीदारी ने जनभागीदारी के साथ विकास और स्वच्छता की तस्वीर सामने रखी।



