
निःशुल्क PSC-व्यापम आवासीय कोचिंग सेंटर शुरू, पहले बैच में 50 युवाओं का चयन
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान पहुंचे सक्ती, हेलीपेड पर हुआ भव्य स्वागत
नारायणपुर, 11 सितंबर 2026। नारायणपुर जिले के युवाओं के लिए अच्छी खबर है। अब आर्थिक परेशानी या पढ़ाई के लिए बाहर जाने की मजबूरी उनकी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी में रुकावट नहीं बनेगी। जिला प्रशासन ने युवाओं को बेहतर तैयारी का मौका देने के लिए निःशुल्क PSC और व्यापम आवासीय कोचिंग सेंटर की शुरुआत की है।
जिला प्रभारी मंत्री टंक राम वर्मा और वन मंत्री केदार कश्यप ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिला खनिज संस्थान न्यास (DMFT) की राशि से संचालित इस कोचिंग सेंटर का शुभारंभ किया।
50 युवाओं का हुआ चयन
कोचिंग के पहले बैच के लिए पारदर्शी चयन प्रक्रिया अपनाई गई। इसमें कुल 50 प्रतिभावान अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। इनमें 26 बालिकाएं और 24 बालक शामिल हैं।
शुभारंभ कार्यक्रम में मंत्रियों और अतिथियों ने चयनित विद्यार्थियों को बैग, कॉपी, किताबें, पेन और स्टडी किट देकर उनका उत्साह बढ़ाया।
रहने और खाने की भी सुविधा
इस कोचिंग सेंटर की खास बात यह है कि चयनित युवाओं को सिर्फ पढ़ाई ही नहीं, बल्कि निःशुल्क रहने और भोजन की सुविधा भी दी जाएगी। विषय विशेषज्ञों द्वारा नियमित कक्षाएं लगाई जाएंगी, जिसमें PSC और व्यापम जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी।
जिले के दूरस्थ और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के युवाओं के लिए यह पहल काफी मददगार साबित हो सकती है। इसका उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को बेहतर मार्गदर्शन देकर उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के लिए तैयार करना है।
आदिवासी विकास विभाग करेगा संचालन
कोचिंग सेंटर की व्यवस्थाओं और योजना के संचालन की जिम्मेदारी आदिवासी विकास विभाग के सहायक आयुक्त को दी गई है। विभाग सेंटर की व्यवस्था और पढ़ाई की गुणवत्ता पर नजर रखेगा।
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष, छोटेडोंगर सरपंच, कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, जिला शिक्षा अधिकारी, सहायक आयुक्त सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।



