‘मन की बात’ देशभर के अच्छे कामों को देती है नई पहचान : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

 

रायपुर, 30 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को रायपुर की निरंजन धर्मशाला में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 137वीं कड़ी सुनी। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ सिर्फ रेडियो कार्यक्रम नहीं है, बल्कि प्रधानमंत्री का देश के लोगों से सीधे जुड़ने का माध्यम है।

 

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस कार्यक्रम के जरिए देश के अलग-अलग हिस्सों में अच्छा काम करने वाले लोगों और नई पहल की जानकारी पूरे देश तक पहुंचती है। कई लोग बिना किसी प्रचार के समाज और देश के लिए काम कर रहे हैं। कोई पर्यावरण बचाने में जुटा है, कोई स्वच्छता के लिए काम कर रहा है, तो कोई अपने क्षेत्र में नए प्रयोग कर बदलाव ला रहा है। ऐसे लोगों को ‘मन की बात’ के जरिए राष्ट्रीय पहचान मिलती है और दूसरों को भी प्रेरणा मिलती है।

नशे से दूर रहें युवा

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ में ‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ के संकल्प पर भी जोर दिया है। उन्होंने कहा कि देश की युवा शक्ति ही भारत के विकास की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं को नशे से दूर रखना केवल सरकार की नहीं, बल्कि परिवार और समाज की भी जिम्मेदारी है।

 

उन्होंने प्रदेश के लोगों से नशामुक्ति अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने और युवाओं को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवन के लिए प्रेरित करने की अपील की।

 

‘हर घर तिरंगा’ से दिखा देश का राष्ट्रप्रेम

 

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ‘मन की बात’ में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की भी चर्चा हुई। अभियान के तहत 8 करोड़ से अधिक लोगों ने तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी अपलोड की। उन्होंने कहा कि यह देशवासियों के तिरंगे के प्रति सम्मान और राष्ट्रप्रेम को दिखाता है।

 

पीएम स्वनिधि से महिलाओं को मिल रहा सहारा

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने पीएम स्वनिधि योजना से जुड़ी महिलाओं का भी उल्लेख किया। रेहड़ी-पटरी और छोटे कारोबार से जुड़ी महिलाओं को इस योजना के माध्यम से अपना व्यवसाय बढ़ाने और आत्मनिर्भर बनने में मदद मिल रही है।

 

उन्होंने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थियों में करीब 46 प्रतिशत महिलाएं हैं और लगभग 35 लाख महिलाएं इससे जुड़ी हैं। महिलाओं की आर्थिक मजबूती से परिवार के साथ-साथ समाज और देश भी मजबूत होता है।

 

स्वच्छता को आदत बनाने की जरूरत

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता सिर्फ सरकारी अभियान नहीं होना चाहिए। इसे हर नागरिक को अपनी जिम्मेदारी और आदत बनाना होगा। घर, मोहल्ले, गांव और शहर को साफ रखने में सभी की भागीदारी जरूरी है।

 

उन्होंने प्रदेशवासियों से अपने आसपास का वातावरण साफ रखने और स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने की अपील की।

 

छत्तीसगढ़ की बेटी महिमा राजपूत का ‘मन की बात’ में उल्लेख

 

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आज देश की बेटियां हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। प्रधानमंत्री ने ‘मन की बात’ में मिशन शक्ति सैट जैसे प्रयासों का उल्लेख किया, जिसमें छात्राओं को सैटेलाइट तकनीक को समझने और सीखने का अवसर मिल रहा है।

 

उन्होंने कहा कि यह छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है कि प्रदेश की बेटी महिमा राजपूत भी इस महत्वपूर्ण पहल का हिस्सा बनी हैं। मुख्यमंत्री ने महिमा राजपूत को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

 

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की बेटियां शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, खेल सहित हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना रही हैं। उनकी सफलता प्रदेश की दूसरी बेटियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा दे रही है।

 

‘मन की बात’ में कई बार छत्तीसगढ़ का जिक्र

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ की अलग-अलग कड़ियों में कई बार छत्तीसगढ़ के अच्छे कामों और खास उपलब्धियों का उल्लेख किया है। बस्तर ओलंपिक, मल्हार के प्राचीन ताम्रपत्र और काले हिरण के संरक्षण जैसे विषयों को देश के सामने रखा गया है।

 

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति, विरासत और यहां हो रहे सकारात्मक कार्यों को राष्ट्रीय मंच पर जगह मिलना पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे अच्छे कार्यों को एक-दूसरे से जोड़ने का काम करती है। इससे लोगों में समाजसेवा, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और राष्ट्रहित के कामों में भागीदारी की भावना बढ़ती है।

 

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, विधायक मोतीलाल साहू और पुरंदर मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि, संतजन, निगम-मंडलों के अध्यक्ष और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Live Cricket Live Share Market

विडिओ  न्यूज जरूर देखे 

जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...

Related Articles

Back to top button
Close
Close