
कटी हुई धान की फसल को सुरक्षित रखने की अपील, नुकसान होने पर 72 घंटे के भीतर दर्ज कराएं शिकायत
खोखरी में चेकडैम निर्माण की होगी गुणवत्ता जांच, तीन दिन में रिपोर्ट सौंपने के निर्देश
जांजगीर-चांपा, 20 नवंबर 2026। चक्रवाती तूफान अकवान के प्रभाव से जिले में हो रही असामयिक बारिश और तेज हवाओं को देखते हुए किसानों को धान की फसल सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे खेतों और खलिहानों में रखी कटी हुई धान की फसल को बारिश से बचाने के लिए जरूरी इंतजाम करें।
किसानों को सलाह दी गई है कि कटाई के बाद खेतों में सुखाने के लिए रखी धान की फसल को जल्द से जल्द ऊंचे और सूखे स्थान पर रखें। फसल को पॉलिथीन या तिरपाल से अच्छी तरह ढककर सुरक्षित करें। मौसम साफ होने पर भीगी हुई धान की फसल को धूप में फैलाकर सुखाएं, ताकि नमी कम हो और फसल में फफूंदी लगने की संभावना न रहे। खेतों में पानी भरने की स्थिति में जल निकासी की व्यवस्था भी करें।
फसल खराब होने पर 72 घंटे के भीतर करें शिकायत
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत बीमित फसल को चक्रवाती तूफान या असामयिक बारिश से नुकसान होने पर किसानों को 72 घंटे के भीतर सूचना देना जरूरी है।
इसके लिए किसान कृषि रक्षक पोर्टल के टोल फ्री नंबर 14447 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा क्रॉप इंश्योरेंस ऐप के माध्यम से भी फसल नुकसान की शिकायत दर्ज कराई जा सकती है। किसान संबंधित बीमा कंपनी अथवा कृषि विभाग को भी इसकी जानकारी दे सकते हैं।
शिकायत मिलने के बाद बीमा कंपनी द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार फसल नुकसान का सर्वेक्षण कराया जाएगा।
किसानों से सतर्क रहने की अपील
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि मौसम की स्थिति को देखते हुए अपनी खड़ी और कटी हुई धान की फसल की सुरक्षा के लिए जरूरी कदम उठाएं। फसल को नुकसान होने पर निर्धारित 72 घंटे की समय-सीमा के भीतर शिकायत जरूर दर्ज कराएं, ताकि पात्र किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत नियमानुसार बीमा दावा राशि का लाभ मिल सके।



