
जशपुर में चार मोबाइल मेडिकल यूनिट का शुभारंभ, अब हाट-बाजारों में मिलेगी निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा
जशपुर, 4 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर प्रवास के दौरान विश्राम गृह परिसर में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की चार मोबाइल मेडिकल यूनिट का शुभारंभ किया। इन मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से अब जिले के दूरस्थ एवं ग्रामीण अंचलों में रहने वाले लोगों को उनके नजदीकी हाट-बाजारों में निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है कि बेहतर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। विशेषकर जनजातीय बहुल एवं दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को आसानी से स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार का संकल्प है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में किसी भी व्यक्ति को उपचार से वंचित नहीं रहना पड़े, इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जशपुर भौगोलिक रूप से विस्तृत और वनांचल क्षेत्र वाला जिला है। ऐसे क्षेत्रों में मोबाइल मेडिकल यूनिट स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। ग्रामीणों को अब सामान्य उपचार के लिए दूर स्थित स्वास्थ्य केंद्रों तक जाने की परेशानी कम होगी। हाट-बाजारों में ही स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने से लोगों के समय और खर्च दोनों की बचत होगी।
उन्होंने भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि रेडक्रॉस सोसायटी लंबे समय से मानव सेवा और जनकल्याण के कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। चार मोबाइल मेडिकल यूनिट की शुरुआत से जशपुर जिले के जरूरतमंद और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को सीधा लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही समृद्ध और विकसित छत्तीसगढ़ की आधारशिला हैं। राज्य सरकार स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत करने के साथ ही ऐसी जनहितकारी योजनाओं को बढ़ावा दे रही है, जिनका लाभ सीधे आम नागरिकों तक पहुंचे।
कार्यक्रम में रायगढ़ सांसद राधेश्याम राठिया, जशपुर विधायक रायमुनि भगत, पत्थलगांव विधायक गोमती साय, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह जूदेव, प्रबल प्रताप सिंह जूदेव, सुनील गुप्ता, भरत सिंह, अमर सुल्तानिया, कृष्णा राय सहित सरगुजा संभागायुक्त नरेंद्र दुग्गा, पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह एवं अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।



