
सशक्त नारी और युवा शक्ति से बनेगा विकसित छत्तीसगढ़ : अरुण साव
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर बिलासपुर के पुलिस परेड मैदान में जिला स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन उत्साह और धूमधाम के साथ किया गया। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि सशक्त महिलाएं और हुनरमंद युवा ही विकसित छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी ताकत हैं। महिलाओं और युवाओं की सक्रिय भागीदारी से प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार जनकल्याण, सड़क, अधोसंरचना विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए तेजी से काम कर रही है।
अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को किया याद
अरुण साव ने छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को नमन करते हुए कहा कि अटल जी ने छत्तीसगढ़ की जनता की भावनाओं और जरूरतों को समझते हुए अलग राज्य की सौगात दी थी। वन, खनिज और प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध छत्तीसगढ़ को अपनी अलग पहचान दिलाने में उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि अटल जी के सपनों के अनुरूप समृद्ध और विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण करना सरकार की प्राथमिकता है।
महिलाओं और युवाओं को मिल रहे नए अवसर
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि इस वर्ष राज्योत्सव की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ सरकार की प्राथमिकताओं को दर्शाती है। महतारी वंदन योजना और बिहान के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जा रहा है। वहीं युवाओं की शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के लिए नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि फैशन डिजाइनिंग जैसे नए क्षेत्रों में भी युवाओं के लिए संभावनाएं बढ़ाई जा रही हैं। प्रत्येक जिले में नालंदा परिसर बनाने की पहल से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर जोर
अरुण साव ने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए खेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। खेल अलंकरण सम्मान दोबारा शुरू किया गया है। पहली बार आयोजित छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के माध्यम से दूरस्थ गांवों के बच्चों को अपनी खेल प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है।
उन्होंने मैनपाट की टीम के खिलाड़ी मोहित के प्रदर्शन और बहतराई खेल प्रशिक्षण केंद्र की दो बेटियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों में भी प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत केवल उन्हें उचित मंच और सुविधाएं देने की है।
विकास और निवेश के नए रास्ते खुल रहे
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार मोदी की गारंटियों को पूरा करते हुए प्रदेश में विकास कार्यों को गति दे रही है। बिलासपुर में सड़कों की स्वीकृति और अधोसंरचना के विस्तार से विकास को नई दिशा मिल रही है। बेहतर औद्योगिक नीति के कारण देश और दुनिया के निवेशक छत्तीसगढ़ में निवेश के प्रति रुचि दिखा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पहले छत्तीसगढ़ की पहचान नक्सलवाद के कारण होती थी, लेकिन अब नक्सलवाद के विरुद्ध मिल रही सफलता से विकास के नए रास्ते खुल रहे हैं। आने वाले समय में प्रदेश और अधिक खुशहाल एवं समृद्ध बनेगा।
स्वाति दीदी को किया सम्मानित, प्रदर्शनी का किया अवलोकन
कार्यक्रम में महापौर पूजा विधानी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ को अलग राज्य और विशिष्ट पहचान दी। राज्य गठन के बाद प्रदेश ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में विकास कार्यों को नई गति मिल रही है।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने व्यसनमुक्ति और समाजसेवा के क्षेत्र में योगदान के लिए स्वाति दीदी को सम्मानित किया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए विकास प्रदर्शनी स्टॉलों का अवलोकन किया और शासन की योजनाओं, उपलब्धियों एवं नवाचारों की जानकारी ली।
समारोह में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया और देर रात तक लोगों ने कार्यक्रमों का आनंद उठाया।
कार्यक्रम में विधायक सुशांत शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पाण्डेय, सहकारी बैंक अध्यक्ष रजनीश सिंह, संभागायुक्त सुनील जैन, पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग, कलेक्टर संजय अग्रवाल, महापौर पूजा विधानी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।



