
अमित जोगी के फरार होने की खबरें भ्रामक एवं निराधार, 9 नवंबर को थाने में स्वयं उपस्थित होकर रखेंगे अपना पक्ष
रायपुर //जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) स्पष्ट करना चाहती है कि पार्टी के अध्यक्ष अमित जोगी के फरार होने अथवा गायब होने की खबरें पूरी तरह भ्रामक एवं निराधार हैं।
आज पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री निलेश चौहान ने थाना प्रभारी से मुलाकात कर अमित जोगी द्वारा ईमेल के माध्यम से भेजा गया जवाब एवं उनका पक्ष प्रस्तुत किया। इस दौरान थाना प्रभारी को अवगत कराया गया कि अमित जोगी 2 नवंबर से 8 नवंबर तक पूर्व निर्धारित निजी कार्यक्रम के तहत प्रदेश से बाहर हैं।

उन्हें ईमेल के माध्यम से अपनी स्थिति से अवगत करा दिया गया है तथा 9 नवंबर को प्रदेश लौटने के बाद वे स्वयं थाने में उपस्थित होकर अपना पक्ष रखेंगे और जांच में पूरा सहयोग करेंगे।
ऐसे में उनके पूर्व निर्धारित कार्यक्रम को एफआईआर से जोड़कर फरार होने की अफवाह फैलाना अनुचित है। पार्टी कानून का सम्मान करती है और हमें न्यायिक प्रक्रिया पर पूरा भरोसा है।
निलेश चौहान ने कहा मीडिया एवं आम नागरिकों से अपील करते हैं कि तथ्यों की पुष्टि किए बिना भ्रामक खबरें और अफवाहें न फैलाएं।



