
PM मोदी के 25 साल के जनसेवा सफर को समर्पित ‘सेवा ज्योति यात्रा’
सड़क पर बैठे पशुओं को देख विजय शर्मा नाराज, अधिकारियों को लगाई फटकार
रायपुर, 7 अक्टूबर 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर रायपुर में बुधवार को ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ और ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया गया।
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश के जिला मुख्यालयों सहित 38 स्थानों पर ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ बनाने की घोषणा की। रायपुर के तेलीबांधा चौक को भी ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ के रूप में विकसित किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ये चौक जनसेवा, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प के प्रतीक होंगे। आने वाली पीढ़ियों को इनसे देश के विकास में अपनी भूमिका निभाने की प्रेरणा मिलेगी।
मशाल लेकर मुख्यमंत्री ने निकाली यात्रा
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हाथ में मशाल लेकर ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का नेतृत्व किया। इसके बाद उन्होंने बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

यात्रा इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय से शुरू होकर तेलीबांधा चौक तक पहुंची। इसमें बड़ी संख्या में युवा और नागरिक शामिल हुए।
PM मोदी के 25 साल के सफर को बताया प्रेरणादायक
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी। मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होना जनसेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण की लंबी यात्रा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी खुद को देश का ‘प्रधान सेवक’ मानते हैं और ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ काम कर रहे हैं।
17 सितंबर से चल रहा सेवा संकल्प अभियान
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक छत्तीसगढ़ में एक महीने का ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है।
इस अभियान में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, जनसेवा और सामाजिक सहभागिता से जुड़े कार्यक्रम किए जा रहे हैं। अभियान की शुरुआत में प्रदेश में डेढ़ करोड़ से अधिक ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाए गए थे।
विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण भी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ‘छत्तीसगढ़ अंजोर विजन @2047’ के जरिए प्रदेश के विकास की दिशा तय कर रही है। लक्ष्य है कि प्रदेश के हर वर्ग और हर क्षेत्र को विकास से जोड़ा जाए।
मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी से निभाते हुए विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के निर्माण में योगदान दें।
सिंगापुर से निवेश के नए अवसर
मुख्यमंत्री साय ने अपने हालिया सिंगापुर दौरे का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी चाहते हैं कि देश के राज्य भी दुनिया के दूसरे देशों के साथ निवेश, तकनीक, कौशल और नवाचार के क्षेत्र में संबंध मजबूत करें।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ को सिंगापुर में आयोजित SING Forum-2026 में शामिल होने का अवसर मिला। इस दौरान उद्योगपतियों, निवेशकों और बिजनेस फेडरेशन के प्रतिनिधियों के साथ छत्तीसगढ़ में निवेश को लेकर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया में भारत के प्रति विश्वास बढ़ रहा है और इसका फायदा छत्तीसगढ़ जैसे तेजी से आगे बढ़ रहे राज्यों को भी मिल रहा है।
जनभागीदारी से पूरा होगा विकसित भारत का सपना
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी के ‘वी विल डू इट’ के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य बड़ा जरूर है, लेकिन देशवासियों की एकजुट भागीदारी से इसे हासिल किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि देश का हर नागरिक अगर अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए निभाए, तो विकसित भारत का सपना निश्चित रूप से पूरा होगा।
कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, अनुज शर्मा, इंद्र कुमार साहू सहित कई जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।



