
उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया प्रतिमा का अनावरण, पंकज शर्मा को बताया पत्रकारिता की एक पीढ़ी के प्रेरणास्रोत
जांजगीर-चांपा की सभी ग्राम पंचायतों में मनाया गया रोजगार दिवस, आवास दिवस और चावल उत्सव
रायपुर, 7 अक्टूबर 2026। रायपुर के खो-खो पारा स्थित पंकज गार्डन में वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय पंकज शर्मा की प्रतिमा का अनावरण उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री श्री विजय शर्मा ने किया। इस दौरान उनके पत्रकारिता के क्षेत्र में दिए गए योगदान को याद किया गया।
कार्यक्रम में सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, विधायक श्री सुनील सोनी, विधायक श्री मोतीलाल साहू, विधायक श्री अनुज शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार श्री हिमांशु द्विवेदी, रायपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष श्री मोहन तिवारी सहित पत्रकारिता, सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े कई लोग मौजूद रहे।
डॉक्यूमेंट्री के जरिए याद किया गया सफर
कार्यक्रम में स्वर्गीय पंकज शर्मा के जीवन और पत्रकारिता के सफर पर करीब एक घंटे की डॉक्यूमेंट्री भी दिखाई गई। इसमें उनके लेखन, पत्रकारिता के प्रति समर्पण, संवाद शैली और देश-विदेश में किए गए कार्यों को दिखाया गया।
डॉक्यूमेंट्री के जरिए लोगों ने उनके व्यक्तित्व और पत्रकारिता में उनके योगदान को करीब से जाना।
पत्रकारिता को जिम्मेदारी और मिशन मानकर किया काम
उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि स्वर्गीय पंकज शर्मा ने पत्रकारिता को सिर्फ नौकरी या पेशा नहीं माना, बल्कि इसे जिम्मेदारी और मिशन के रूप में निभाया। अपनी लेखनी और प्रतिभा के दम पर उन्होंने पत्रकारिता में अलग पहचान बनाई।
उन्होंने कहा कि पंकज शर्मा की प्रतिमा का अनावरण सिर्फ एक पत्रकार का सम्मान नहीं, बल्कि रायपुर की समृद्ध पत्रकारिता परंपरा का सम्मान भी है।
रायपुर की पत्रकारिता को मिली राष्ट्रीय पहचान
सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि पंकज शर्मा रायपुर की उस पत्रकारिता परंपरा का हिस्सा थे, जिसने अपनी लेखनी के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई। उनका जीवन और काम आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा है।
विधायक सुनील सोनी और मोतीलाल साहू ने भी स्वर्गीय पंकज शर्मा को याद करते हुए उनके पत्रकारिता योगदान को महत्वपूर्ण बताया। वरिष्ठ पत्रकार हिमांशु द्विवेदी ने उनके लेखन और पत्रकारिता शैली पर अपने विचार रखे।
पंकज शर्मा के नाम पर संस्थानों और सम्मान की पहल
विधायक श्री अनुज शर्मा ने स्वर्गीय पंकज शर्मा की स्मृति को आगे बढ़ाने के लिए कई प्रस्ताव रखे। उन्होंने पंकज उद्यान का नाम “पत्रकार पंकज शर्मा उद्यान” करने का सुझाव दिया।
इसके साथ ही खो-खो पारा स्थित स्कूल का नाम “पत्रकार पंकज शर्मा” के नाम पर रखने और युवा पत्रकारों को दिया जाने वाला राज्य अलंकरण उनके नाम से शुरू करने का प्रस्ताव रखा गया।
उन्होंने पत्रकारिता विश्वविद्यालय की किसी प्रमुख बिल्डिंग का नाम भी पंकज शर्मा के नाम पर रखने का सुझाव दिया। कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों ने इन प्रस्तावों का समर्थन किया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय पंकज शर्मा ने कम उम्र में ही पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई। उनकी स्मृति में आयोजित यह कार्यक्रम केवल प्रतिमा अनावरण नहीं, बल्कि पत्रकारिता के मूल्यों और नई पीढ़ी को प्रेरणा देने का प्रयास भी है।
कार्यक्रम का आयोजन रायपुर प्रेस क्लब, अखंड ब्राह्मण समाज छत्तीसगढ़ और विप्र सांस्कृतिक भवन प्रबंधन समिति के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।



