
सिंगापुर से छत्तीसगढ़ को निवेश और कौशल विकास की सौगात, ₹43,600 करोड़ के निवेश प्रस्ताव
बिलासपुर में PM आवास और ई-बस प्रोजेक्ट का निरीक्षण, 15 दिन में कमियां दूर करने के निर्देश
रायपुर, 6 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सिंगापुर यात्रा के अंतिम दिन छत्तीसगढ़ के लिए कौशल विकास और निवेश से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले हुए। राज्य सरकार ने युवाओं को उद्योगों की जरूरत के अनुसार प्रशिक्षण देने के लिए सिंगापुर की ITE Education Services के साथ एमओयू किया है। वहीं एग्रो और फूड प्रोसेसिंग के क्षेत्र में ₹350 करोड़ के नए निवेश का प्रस्ताव मिला है।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री की सिंगापुर यात्रा के दौरान छत्तीसगढ़ को मिले एफडीआई निवेश प्रस्तावों की कुल राशि ₹43,600 करोड़ तक पहुंच गई है।
युवाओं को उद्योगों के हिसाब से मिलेगा प्रशिक्षण
मुख्यमंत्री की मौजूदगी में छत्तीसगढ़ सरकार और सिंगापुर की ITE Education Services के बीच तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा और प्रशिक्षण को लेकर समझौता हुआ।
मुख्यमंत्री और प्रतिनिधिमंडल ने ITE कॉलेज का दौरा कर वहां उद्योगों से जुड़े प्रशिक्षण मॉडल को समझा। सिंगापुर में Cisco, BYD और Singapore Airlines जैसी कंपनियां ITE के साथ मिलकर युवाओं के लिए पाठ्यक्रम, प्रशिक्षण और जरूरी उपकरणों पर काम करती हैं।
इसी तरह का अनुभव छत्तीसगढ़ में भी लागू करने की दिशा में काम किया जाएगा। इससे उद्योगों की जरूरत के मुताबिक पाठ्यक्रम तैयार करने, प्रशिक्षकों की क्षमता बढ़ाने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर तैयार करने में मदद मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि निवेश के साथ कुशल युवाओं की जरूरत होती है। छत्तीसगढ़ में आने वाले उद्योगों को उनकी जरूरत के अनुसार प्रशिक्षित युवा राज्य में ही मिलें, इस दिशा में कौशल विकास पर जोर दिया जा रहा है।
एग्रो और फूड प्रोसेसिंग में ₹350 करोड़ का निवेश
मुख्यमंत्री ने सिंगापुर की Valency International Pte Ltd को छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आमंत्रित किया। कंपनी करीब ₹350 करोड़ के निवेश से राज्य में इंटीग्रेटेड एग्रो एवं फूड प्रोसेसिंग और एक्सपोर्ट हब स्थापित करने की योजना पर काम करेगी।
इस हब में काजू, तिल, दलहन और मूंगफली जैसी कृषि उपज की प्रोसेसिंग की जाएगी। इससे किसानों की उपज का राज्य में ही मूल्य संवर्धन होगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
सिंगापुर के विदेश मंत्री से मुलाकात
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सिंगापुर के विदेश मंत्री डॉ. विवियन बालाकृष्णन से भी मुलाकात की। दोनों के बीच निवेश, कौशल विकास, शहरी नियोजन और तकनीक के क्षेत्र में सहयोग को लेकर चर्चा हुई।
15 से ज्यादा वैश्विक कंपनियों से निवेश पर बातचीत
मुख्यमंत्री ने सीईओ राउंडटेबल में 15 से अधिक वैश्विक कंपनियों के प्रतिनिधियों से चर्चा की। इसमें TCS, SMBC, Tolaram Group, Agrocorp, Indian Ocean Group और Blue Aqua सहित कंपनियां शामिल रहीं।
बैठक में टेक्नोलॉजी, बैंकिंग, एग्रीबिजनेस, एक्वाकल्चर और फूड सेक्टर में निवेश और साझेदारी की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
AI और डिजिटल फाइनेंस में युवाओं को प्रशिक्षण
मुख्यमंत्री ने Global Finance & Technology Network (GFTN) के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की। इस दौरान छत्तीसगढ़ के युवाओं को AI और डिजिटल फाइनेंस का प्रशिक्षण देने, राज्य के स्टार्टअप्स को वैश्विक निवेशकों से जोड़ने और नई तकनीकों के लिए टेक लैब स्थापित करने की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
सिंगापुर यात्रा से निवेश के साथ रोजगार और तकनीक पर फोकस
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सिंगापुर यात्रा अब पूरी हो गई है। यात्रा के दौरान निवेश के साथ-साथ कौशल विकास, रोजगार, तकनीक, एग्री-फूड प्रोसेसिंग और वैश्विक साझेदारी पर भी चर्चा हुई।
प्रतिनिधिमंडल के 7 अक्टूबर को रायपुर लौटने की जानकारी दी गई है।



