
बारिश के बीच खेतों तक पहुंचे कलेक्टर, डिजिटल क्रॉप सर्वे और नक्शा बटांकन का किया निरीक्षण
जांजगीर-चांपा, 26 अगस्त 2026। जिले में डिजिटल क्रॉप सर्वे, एग्रीस्टैक पंजीयन और राजस्व संबंधी कार्यों की जमीनी प्रगति परखने कलेक्टर जन्मेजय महोबे बारिश के बीच ग्राम पेंड्री और पुटपुरा पहुंचे। उन्होंने खेतों तक पहुंचकर डिजिटल क्रॉप सर्वे का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया और मौके पर सर्वेयरों से कार्य की प्रगति की जानकारी ली।
कलेक्टर ने सर्वेयरों को प्रत्येक खेत का सावधानीपूर्वक सर्वे करने तथा मौके की वास्तविक स्थिति के अनुरूप फसल की सही प्रविष्टि दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने पटवारियों को प्राप्त प्रविष्टियों के अप्रूवल में विशेष सावधानी बरतने तथा किसी भी प्रकार की त्रुटि से बचने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री महोबे ने एग्रीस्टैक पंजीयन की भी समीक्षा की। उन्होंने मैदानी अमले से अब तक हुए पंजीयन, शेष कार्य और पंजीयन के दौरान सामने आ रही तकनीकी एवं व्यावहारिक समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने पात्र किसानों का पंजीयन निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समयबद्ध रूप से पूरा कराने और किसानों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि अधिकारी और राजस्व अमला नियमित रूप से फील्ड में पहुंचकर सर्वे कार्य का सत्यापन एवं पर्यवेक्षण करें। मैदानी स्तर पर कार्य की गुणवत्ता और सही प्रविष्टि सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी प्रकार की त्रुटि की गुंजाइश न रहे।
नक्शा बटांकन की धीमी प्रगति पर पहले जताई थी नाराजगी
उल्लेखनीय है कि पूर्व में आयोजित राजस्व संबंधी बैठकों में कलेक्टर श्री महोबे ने नक्शा बटांकन की अपेक्षाकृत धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा था कि वे स्वयं मैदानी क्षेत्र में पहुंचकर कार्य की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करेंगे।
इसी क्रम में आज ग्राम पेंड्री और पुटपुरा में उन्होंने नक्शा बटांकन के कार्य का मौके पर निरीक्षण किया और राजस्व अभिलेखों की वास्तविक स्थिति से उसका मिलान कराया। उन्होंने नक्शा एवं खसरे का वास्तविक स्थिति के अनुरूप सत्यापन करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि भू-खण्डों की सीमाओं और स्वीकृत परिवर्तनों को नियमानुसार दर्ज किया जाए तथा नक्शे को नियमित रूप से अद्यतन रखा जाए। किसी भी प्रकार की त्रुटि या अस्पष्टता पाए जाने पर तत्काल तहसीलदार अथवा राजस्व निरीक्षक के संज्ञान में लाकर नियमानुसार निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड में पहुंचकर कार्यों का निरीक्षण करने तथा निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधीक्षक भू-अभिलेख विनय पटेल, तहसीलदार शशिभूषण सोनी, नायब तहसीलदार वर्षा अग्रवाल, राजस्व निरीक्षक, संबंधित हल्का पटवारी सहित राजस्व अमला उपस्थित रहा।



