
एनटीपीसी सीपत में ‘संकल्प’ निःशुल्क कोचिंग कार्यक्रम का शुभारंभ
बिलासपुर, 26 अगस्त 2026। एनटीपीसी सीपत में शासकीय विद्यालयों के कक्षा 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों को NEET और JEE जैसी प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने के उद्देश्य से ‘संकल्प’ निःशुल्क कोचिंग कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री संजय अग्रवाल, आईएएस, कलेक्टर बिलासपुर तथा विशिष्ट अतिथि श्री रजनेश सिंह, आईपीएस, एसएसपी एवं डीआईजी बिलासपुर उपस्थित रहे। कार्यक्रम में एनटीपीसी सीपत के परियोजना प्रमुख श्री स्वपन कुमार मंडल की गरिमामयी उपस्थिति रही।

‘संकल्प’ कार्यक्रम के तहत शासकीय विद्यालयों के 100 प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का चयन किया गया है। कक्षा 11वीं और 12वीं के लिए 50-50 विद्यार्थियों के अलग-अलग बैच बनाए गए हैं। चयनित विद्यार्थियों में शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सीपत, शासकीय हाईस्कूल दर्राभाटा, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जांजी, स्वामी आत्मानंद शासकीय हिंदी माध्यम विद्यालय पंधी तथा स्वामी आत्मानंद शासकीय हिंदी एवं अंग्रेजी माध्यम विद्यालय सीपत के विद्यार्थी शामिल हैं।
कोचिंग कक्षाएं सप्ताह में चार दिन आयोजित होंगी तथा प्रत्येक दिन तीन घंटे विद्यार्थियों को अध्ययन कराया जाएगा। विद्यार्थियों को भौतिकी, गणित, रसायन विज्ञान और जीव विज्ञान विषयों की प्रतियोगी परीक्षा आधारित तैयारी कराई जाएगी।
विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति संकल्पित रहने की प्रेरणा
मुख्य अतिथि कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने एनटीपीसी सीपत की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ‘संकल्प’ जैसी पहल सामुदायिक विकास के साथ-साथ क्षेत्र में शिक्षा के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी शैक्षणिक यात्रा और चुनौतियों का उल्लेख करते हुए निरंतर मेहनत करने, लक्ष्य के प्रति संकल्पित रहने और उपलब्ध अवसर का पूरा लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को संसाधनों की सीमाओं के बावजूद आगे बढ़ने के अवसर मिलना जरूरी है। ऐसी पहलें विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और ऊर्जा का निर्माण करती हैं, जिससे वे भविष्य में राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
विशिष्ट अतिथि श्री रजनेश सिंह ने ‘संकल्प’ को सराहनीय सामाजिक पहल बताते हुए कहा कि विद्यार्थियों को घर के नजदीक प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी का अवसर मिलना महत्वपूर्ण है। उन्होंने विद्यार्थियों से इस सुविधा का पूरी मेहनत के साथ लाभ उठाने तथा अपने माता-पिता, समाज और राष्ट्र का नाम रोशन करने का आह्वान किया।
उन्होंने एनटीपीसी के गीत में निहित ‘ज्योति किरण’ के भाव का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को स्वयं आगे बढ़ने के साथ-साथ समाज के लिए भी प्रेरणा और प्रकाश का स्रोत बनने के लिए प्रेरित किया।
शिक्षा के क्षेत्र में अवसर उपलब्ध कराने की पहल
एनटीपीसी सीपत के परियोजना प्रमुख श्री स्वपन कुमार मंडल ने कहा कि ‘संकल्प’ क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कलेक्टर एवं एसएसपी-डीआईजी बिलासपुर के मार्गदर्शन और सुझावों के लिए आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि एनटीपीसी सीपत विद्युत उत्पादन के साथ-साथ सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में भी निरंतर कार्य कर रहा है। ‘संकल्प’ के माध्यम से क्षेत्र के विद्यार्थी भविष्य में बेहतर इंजीनियर और डॉक्टर बनने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे।
प्रवेश परीक्षा के माध्यम से हुआ विद्यार्थियों का चयन
मानव संसाधन प्रमुख श्री बी.बी. पात्रा ने बताया कि कलेक्टर बिलासपुर द्वारा दिए गए सुझाव के बाद इस पहल को आकार दिया गया। इसके अंतर्गत आसपास के शासकीय विद्यालयों से कक्षा 10वीं एवं 11वीं उत्तीर्ण विद्यार्थियों के लिए प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों में से कक्षा 11वीं और 12वीं के 50-50 विद्यार्थियों का चयन कर कुल 100 विद्यार्थियों को ‘संकल्प’ कोचिंग कार्यक्रम में प्रवेश दिया गया।
उद्घाटन समारोह के दौरान चयनित विद्यार्थियों के लिए नियुक्त फैकल्टी भी उपस्थित रही। फैकल्टी ने विद्यार्थियों को कोचिंग की कार्ययोजना, कक्षा संचालन और आवश्यक नियमों की जानकारी दी।
‘संकल्प’ के माध्यम से विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, विशेषज्ञ मार्गदर्शन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए व्यवस्थित शैक्षणिक मंच उपलब्ध कराया जाएगा।



