
राजस्व प्रकरणों के समय-सीमा में निराकरण पर कलेक्टर ने दिया जोर, लंबित मामलों के लिए चलेगा विशेष अभियान
जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी लाएं, समय पर पूरा करें पेयजल योजनाएं : कलेक्टर
जांजगीर-चांपा, 27 नवंबर 2026। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कलेक्टोरेट सभाकक्ष में राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर जिले में राजस्व कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में धान खरीदी, फार्मर रजिस्ट्री, ई-कोर्ट, नामांतरण, खाता विभाजन सहित विभिन्न राजस्व प्रकरणों एवं लंबित आवेदनों की स्थिति पर चर्चा की गई।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी राजस्व प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करें। लंबे समय से लंबित मामलों के निराकरण के लिए विशेष अभियान चलाया जाए, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
धान खरीदी केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश
समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि सभी खरीदी केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारू रूप से बनी रहें। किसानों को धान बेचने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को खरीदी केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए।
नामांतरण और खाता विभाजन के मामलों को प्राथमिकता
कलेक्टर ने ई-कोर्ट में दर्ज प्रकरणों, नामांतरण, खाता विभाजन पंजी एवं त्रुटि सुधार मॉड्यूल की समीक्षा की। उन्होंने लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के साथ निराकृत करने और राजस्व अभिलेखों में पाई जाने वाली त्रुटियों का समयबद्ध सुधार करने के निर्देश दिए। स्वामित्व योजना के अंतर्गत अधिकार अभिलेख तैयार करने एवं उनके वितरण की प्रगति की भी जानकारी ली।
भू-अर्जन और भू-आवंटन के कार्य समय पर पूरे करें
बैठक में सीएम हेल्पलाइन, ऑटो डायवर्जन, अभिलेख अद्यतन पंजी और नक्शा बटांकन की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने आरबीसी 6-4 के प्रकरणों के साथ भू-अर्जन एवं भू-आवंटन से जुड़े कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने सभी राजस्व अधिकारियों से कहा कि आम नागरिकों के राजस्व संबंधी मामलों का निराकरण समय पर और गुणवत्तापूर्ण तरीके से किया जाए, ताकि लोगों को अपने काम के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
बैठक में अपर कलेक्टर बीरेन्द्र लकड़ा, प्रमोद गुप्ता, स्निग्धा तिवारी, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर सहित सभी अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार उपस्थित थे।



