
डीएमएफ फंड से गांवों के विकास और जनकल्याण को दें प्राथमिकता: मुख्य सचिव विकासशील
सड़क हादसे रोकने ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा इंतजाम जल्द पूरे करें: कलेक्टर महोबे
रायपुर, 26 नवंबर 2026। खनन प्रभावित इलाकों में रहने वाले लोगों को डीएमएफ (जिला खनिज न्यास) फंड का सीधा लाभ मिलना चाहिए। इस राशि से ऐसे काम किए जाएं, जिनसे गांवों की बुनियादी सुविधाएं बेहतर हों और लोगों के जीवन में बदलाव आए। यह बात मुख्य सचिव विकासशील ने गुरुवार को मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित डीएमएफ की राज्य स्तरीय निगरानी समिति की बैठक में कही।
बैठक में प्रधानमंत्री खनिज क्षेत्र कल्याण योजना के तहत डीएमएफ राशि के उपयोग, चल रहे विकास कार्यों और आने वाले समय की कार्ययोजना की समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पहले गांवों की वास्तविक जरूरतों का सर्वे किया जाए और उसके आधार पर विकास कार्यों की योजना बनाई जाए।
तीन साल की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश
मुख्य सचिव ने कहा कि प्रत्येक जिले में तीन वर्षीय कार्ययोजना बनाई जाए। इसमें गांवों की जरूरत, उपलब्ध सुविधाओं, अधोसंरचना और प्रस्तावित विकास कार्यों का स्पष्ट विवरण होना चाहिए।
उन्होंने राज्य सरकार के बजट से चल रही योजनाओं और डीएमएफ फंड से होने वाले कार्यों की तुलना करने को कहा, ताकि एक ही काम पर दोबारा राशि खर्च न हो। साथ ही यह भी पता लगाया जाए कि कौन से गांवों में बुनियादी सुविधाएं पूरी हो चुकी हैं और किन गांवों में अभी विकास की जरूरत है।
ग्राम सभाओं में बताया जाएगा डीएमएफ का खर्च
बैठक में डीएमएफ फंड के वितरण, वार्षिक ऑडिट, सोशल ऑडिट और विकास कार्यों की निगरानी पर चर्चा हुई। मुख्य सचिव ने वित्तीय वर्ष के अंत में विशेष ग्राम सभाएं आयोजित कर लोगों को डीएमएफ से कराए गए कार्यों और खर्च की जानकारी देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सिर्फ कितनी राशि खर्च हुई, इसका हिसाब देखना पर्याप्त नहीं है। यह भी देखना जरूरी है कि उस राशि से आम लोगों को कितना फायदा मिला और उनके जीवन स्तर में कितना सुधार आया।
इसके लिए पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, महिला एवं बाल कल्याण, बुजुर्गों और दिव्यांगजनों की सुविधाओं, कौशल विकास, स्वच्छता, पशुपालन और कृषि जैसे क्षेत्रों में हुए कार्यों का जमीनी स्तर पर आकलन करने को कहा गया।
क्यूआर कोड स्कैन करते ही मिलेगी विकास कार्यों की जानकारी
डीएमएफ के कामकाज में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए सीजी डीएमएफ पोर्टल 2.0 का प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इसके तहत आंगनबाड़ी केंद्रों, उप स्वास्थ्य केंद्रों, पंचायत भवनों और सामुदायिक भवनों जैसी सार्वजनिक जगहों पर क्यूआर कोड लगाए जाएंगे।
नागरिक इन क्यूआर कोड को मोबाइल से स्कैन कर संबंधित सरकारी परिसंपत्ति और पोर्टल के माध्यम से विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
बैठक में अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, प्रमुख सचिव डॉ. रोहित यादव, डॉ. कमलप्रीत सिंह, सचिव खनिज साधन विभाग पी. दयानंद, एस. प्रकाश, मोहम्मद कैसर अब्दुल हक, डॉ. सारांश मित्तर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



