
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने महासमुंद में 31.60 करोड़ के विकास कार्यों का किया भूमिपूजन
महासमुंद, 22 अगस्त 2026। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री अरुण साव ने आज महासमुंद में 31 करोड़ 60 लाख रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। शहर के लोहिया चौक में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने महासमुंद के नए बस स्टैंड को आधुनिक एवं सुविधायुक्त बनाने के लिए 6 करोड़ 50 लाख रुपये और नगर पालिका के नए कार्यालय भवन के निर्माण के लिए 3 करोड़ 50 लाख रुपये देने की घोषणा की।

शहरों के संतुलित विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार शहरों के समग्र और संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है। पिछले ढाई वर्षों में सरकार ने प्रदेश की विकास दिशा को गति देने का काम किया है। सरकार का लक्ष्य प्रदेश के सभी शहरों को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाना है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश के छह जिलों को स्वच्छता के क्षेत्र में पुरस्कार प्राप्त हुए हैं। सरकार बिना किसी भेदभाव के विकास कार्यों को आगे बढ़ा रही है। युवाओं के बेहतर भविष्य को ध्यान में रखते हुए प्रदेश में 38 नालंदा परिसर स्वीकृत किए गए हैं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को पूरा करने की दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है। महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता सीधे उनके बैंक खातों में मिल रही है।
पुल-पुलिया और अधोसंरचना विकास को मिली गति
श्री साव ने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में प्रदेश में 12 हजार 666 करोड़ रुपये के पुल-पुलिया निर्माण कार्य स्वीकृत किए गए हैं। महासमुंद जिले में भी विभिन्न विकास कार्यों के लिए 468 कार्यों को प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है।
उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में सड़क और अधोसंरचना विकास को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। महासमुंद के विकास के लिए राज्य सरकार हरसंभव सहयोग करेगी।
उप मुख्यमंत्री ने महासमुंद को आने वाले समय में देश का नंबर-1 स्वच्छ शहर बनाने का लक्ष्य लेकर काम करने की बात कही। उन्होंने नागरिकों से शहर की स्वच्छता और गौरव के लिए सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया।
महासमुंद में विकास कार्यों को लगातार मिल रही प्राथमिकता
विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव के मार्गदर्शन में महासमुंद के विकास को लगातार प्राथमिकता मिल रही है।
उन्होंने बताया कि महासमुंद का गौरव पथ और तुमगांव रोड निर्माणाधीन है। नहर लिंकिंग रोड स्वीकृत हो चुका है और सड़क निर्माण के लिए टेंडर जारी किए जा चुके हैं। सीकासेर का पानी कोडार तक पहुंच रहा है और सिरपुर बैराज भी स्वीकृत हो चुका है।
विधायक ने शहर के बढ़ते विस्तार को देखते हुए रिंग रोड की आवश्यकता पर जोर देते हुए नए बस स्टैंड और नगर पालिका के नए कार्यालय भवन की मांग उप मुख्यमंत्री के समक्ष रखी।
नगर पालिका को नगर निगम बनाने की मांग
नगर पालिका अध्यक्ष श्री निखिल कांत साहू ने महासमुंद को विकास कार्यों की सौगात देने के लिए उप मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने शहर की बढ़ती आबादी और विस्तार को देखते हुए महासमुंद नगर पालिका को नगर निगम का दर्जा देने की मांग भी रखी।
कार्यक्रम में पूर्व राज्य मंत्री श्री पूनम चंद्राकर, पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा, छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष श्री चन्द्रहास चन्द्राकर, जिला स्काउट एवं गाइड संघ के जिलाध्यक्ष श्री येतराम साहू, छत्तीसगढ़ राज्य स्काउट गाइड के मुख्य आयुक्त श्री इंद्रजीत सिंह खालसा, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष श्री पवन पटेल, नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री देवीचंद राठी, कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह सहित पार्षदगण, एल्डरमेन, स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।



