खोखरा एसएलआरएम सेंटर में कचरे की डंपिंग पर पूर्णतः रोक लगाने के निर्देश, सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों पर होगी जुर्माने की कार्रवाई

 

जांजगीर-चांपा, 23 अगस्त 2026। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने रविवार को नगर पालिका परिषद जांजगीर-नैला क्षेत्र में स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने चार मणिकंचन केंद्रों (एसएलआरएम) का औचक निरीक्षण कर कचरा संग्रहण, पृथक्करण और निस्तारण की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

कलेक्टर ने खोखरा सहित वार्ड क्रमांक 01, वार्ड क्रमांक 04 और वार्ड क्रमांक 18 स्थित एसएलआरएम केंद्रों का निरीक्षण किया। खोखरा एसएलआरएम सेंटर में कचरे की डंपिंग पर पूर्णतः रोक लगाने के निर्देश दिए। साथ ही पूर्व से एकत्रित कचरे का शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा।

 

स्रोत पर कचरा पृथक्करण पर जोर

 

कलेक्टर ने नगर पालिका अधिकारियों को घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कचरे का स्रोत पर ही पृथक्करण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि दुकानों, बाजारों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से पृथक किया हुआ कचरा ही संग्रहित किया जाए।

 

उन्होंने दुकानदारों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को अपना कचरा नगर पालिका के निर्धारित कचरा संग्रहण वाहन में ही देने के निर्देश दिए। बिना पृथक्करण के कचरा देने वालों को पहले समझाइश देने और नियमों का पालन नहीं करने पर जुर्माने की कार्रवाई करने को कहा।

 

सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों पर होगी कार्रवाई

 

कलेक्टर ने सड़क, नाली और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों के खिलाफ नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने की प्रवृत्ति पर प्रभावी रोक लगाई जाए और नागरिकों को कचरे के उचित निस्तारण के प्रति लगातार जागरूक किया जाए।

 

स्वच्छता दीदियों से किया संवाद

 

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने एसएलआरएम केंद्रों में कार्यरत स्वच्छता दीदियों से संवाद किया और उनके कार्यों एवं समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने स्वच्छता दीदियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए ग्लव्स, मास्क, सुरक्षा जूते सहित आवश्यक सुरक्षा उपकरण नियमित रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

 

कलेक्टर ने स्वच्छता दीदियों के स्वास्थ्य परीक्षण के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।

 

वार्ड 18 में देखी डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था

 

इसके बाद कलेक्टर ने वार्ड क्रमांक 18 पहुंचकर डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने फील्ड में कार्यरत कचरा संग्रहण टीम के कार्यों को देखा तथा घरों से कचरा संग्रहण और स्रोत पर कचरा पृथक्करण की स्थिति की जानकारी ली।

 

कलेक्टर ने नागरिकों से शहर को स्वच्छ रखने में सक्रिय सहभागिता की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक परिवार अपने घर से निकलने वाले कचरे को चार अलग-अलग श्रेणियों में पृथक कर नगर पालिका की कचरा संग्रहण टीम को सौंपे। उन्होंने सड़क, नाली और खुले स्थानों पर कचरा नहीं फेंकने की अपील की।

 

कलेक्टर ने नगर पालिका परिषद जांजगीर-नैला को सोर्स सेग्रीगेशन, नियमित डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, व्यावसायिक क्षेत्रों में स्वच्छता और कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण की व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

 

उन्होंने अधिकारियों को पूरी व्यवस्था की नियमित निगरानी करते हुए शासन के दिशा-निर्देशों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने को कहा।

 

निरीक्षण के दौरान नगर पालिका परिषद जांजगीर-नैला की अध्यक्ष रेखा देवा गढ़ेवाल, उपाध्यक्ष मोहन यादव, पार्षद दिनेश राठौर, अनुविभागीय अधिकारी सुब्रत प्रधान सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

 

Live Cricket Live Share Market

विडिओ  न्यूज जरूर देखे 

जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...

Related Articles

Back to top button
Close
Close