कंवर समाज के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री ने शिक्षा, एकता और सामाजिक विकास पर दिया जोर

 

 

रायपुर, 22 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने कहा कि शिक्षा समाज के विकास का मूल मंत्र है। किसी भी समाज की प्रगति उसकी भावी पीढ़ी को मिलने वाली शिक्षा, संस्कार और अवसरों पर निर्भर करती है। समाज का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और प्रत्येक बच्चे की प्रतिभा को आगे बढ़ने का अवसर मिले, यह सभी की साझा जिम्मेदारी है।

 

मुख्यमंत्री श्री साय आज राजधानी रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय स्थित कृषक सभागार में आयोजित छत्तीसगढ़ प्रदेश कंवर समाज विकास समिति के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को सामाजिक सेवा और अपने दायित्वों के निष्ठापूर्वक निर्वहन की शपथ दिलाई।

 

कंवर समाज की एकता को बताया सबसे बड़ी ताकत

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि कंवर समाज का इतिहास गौरवशाली रहा है। संत गहिरा गुरु सहित समाज के पुरोधाओं ने शिक्षा, संस्कार, सेवा और सामाजिक एकता का मार्ग दिखाया है। नई पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य के लिए इसी मार्ग पर आगे बढ़ते हुए सामूहिक प्रयास करना होगा।

उन्होंने कहा कि नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का निर्विरोध और सर्वसम्मति से निर्वाचन समाज की एकता और संगठन की मजबूती का प्रमाण है। यही एकजुटता समाज की सबसे बड़ी शक्ति है, जिसे आने वाली पीढ़ियों तक मजबूत बनाकर पहुंचाना होगा।

 

मुख्यमंत्री ने महाराष्ट्र से आए कंवर समाज के प्रतिनिधियों और सगा-बंधुओं का भी छत्तीसगढ़ में स्वागत किया।

 

शिक्षा से खुलते हैं आगे बढ़ने के रास्ते

 

मुख्यमंत्री श्री साय ने समाज के प्रबुद्धजनों से शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल सरकारी नौकरी हासिल करना नहीं है। अच्छी शिक्षा व्यक्ति को उद्यमी, व्यापारी, समाजसेवी, जनप्रतिनिधि, उद्योगपति और जिम्मेदार नागरिक बनने का अवसर देती है।

 

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार बच्चों और युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध करा रही है। प्रदेश में 17 प्रयास विद्यालय संचालित किए जा रहे हैं।

 

उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से जरूरतमंद परिवारों के बच्चों की शिक्षा में सहयोग करने और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने की अपील की।

 

‘मोदी की गारंटी’ के तहत योजनाओं का उल्लेख

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पिछले ढाई वर्षों में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के तहत किए गए वादों को पूरा करने की दिशा में तेजी से कार्य किया है। सरकार गठन के दूसरे ही दिन 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति दी गई और प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 1600 आवास बनाए जा रहे हैं।

 

उन्होंने कहा कि किसानों से किए वादे के अनुरूप 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से तथा प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदी की जा रही है। महतारी वंदन योजना के तहत लगभग 70 लाख माताओं-बहनों को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है।

 

उन्होंने तेंदूपत्ता संग्राहकों के लिए चरण पादुका योजना, संग्रहण पारिश्रमिक में वृद्धि, भूमिहीन कृषि मजदूरों को आर्थिक सहायता और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना सहित विभिन्न योजनाओं का भी उल्लेख किया।

 

जनजातीय समाज का विकास सरकार की प्राथमिकता

 

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि जनजातीय समाज का सम्मान और सर्वांगीण विकास सरकार की प्राथमिकता है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय अंचलों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और जीवन स्तर में सुधार के लिए अनेक कार्य किए जा रहे हैं।

 

उन्होंने बताया कि धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के 6,661 गांवों को शामिल किया गया है। वहीं विशेष पिछड़ी जनजातियों के विकास के लिए प्रधानमंत्री जनमन योजना के माध्यम से सड़क, आवास, बिजली, राशन कार्ड और नल से जल जैसी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं।

 

नक्सलवाद से मुक्त हो रहे बस्तर में विकास को मिली गति

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर लंबे समय तक नक्सलवाद की चुनौती के कारण विकास की मुख्यधारा से पीछे रहा। अब नक्सलवाद के प्रभाव में कमी के साथ बस्तर में सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और संचार जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार तेजी से हो रहा है।

 

उन्होंने कहा कि नियद नेल्लानार योजना के माध्यम से ढाई वर्षों में 500 से अधिक गांवों तक बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया गया है। बस्तर में स्वास्थ्य अभियान के तहत बड़ी संख्या में लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया है। शांति और विश्वास के नए वातावरण में युवाओं के लिए शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार और उद्यमिता के नए अवसर भी विकसित हो रहे हैं।

 

प्राकृतिक संसाधनों का बेहतर उपयोग जरूरी

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ खनिज, वन और प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध राज्य है। बस्तर की वनोपज के वैल्यू एडिशन पर विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि स्थानीय लोगों की आय बढ़े और रोजगार के नए अवसर तैयार हों।

 

उन्होंने बताया कि किसानों तक सिंचाई सुविधा पहुंचाने के लिए पिछले ढाई वर्षों में 11 हजार करोड़ रुपये से अधिक की नई सिंचाई परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। उन्होंने विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया।

 

कंवर समाज के सामुदायिक भवनों के लिए 1.55 करोड़ रुपये से अधिक की घोषणा

 

मुख्यमंत्री श्री साय ने कंवर समाज के विभिन्न सामुदायिक भवनों के निर्माण, विकास और जीर्णोद्धार के लिए 1 करोड़ 55 लाख रुपये से अधिक की राशि देने की घोषणा की।

 

इसमें रायपुर के लाभांडी में निर्माणाधीन कंवर भवन के विकास एवं अधोसंरचना के लिए 70 लाख रुपये, राजनांदगांव के छुरिया क्षेत्र में कंवर समाज भवन के लिए 25 लाख रुपये, तमोरा में सामुदायिक शेड के लिए 10 लाख रुपये, ग्राम खैरझिटी में सामाजिक भवन के लिए 10 लाख रुपये, महासमुंद के नरतोरा में सामाजिक भवन के लिए 10 लाख रुपये, ग्राम झलप में सामाजिक भवन के निर्माण एवं जीर्णोद्धार के लिए 20 लाख रुपये तथा गरियाबंद के ग्राम जोजरा में कंवर समाज भवन के लिए 10 लाख रुपये शामिल हैं।

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत लगाया सिंदूर का पौधा

 

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने लाभांडी स्थित कंवर समाज के निर्माणाधीन सामुदायिक भवन परिसर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत सिंदूर का पौधा लगाया। समाज के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों और वरिष्ठजनों ने भी पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

 

कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व राज्यसभा सांसद श्री नंदकुमार साय ने की। उन्होंने कहा कि कंवर समाज छत्तीसगढ़ की जनजातीय व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है और शिक्षा समाज तथा प्रदेश की प्रगति का आधार है।

 

कंवर समाज विकास समिति के अध्यक्ष श्री हरवंश सिंह मिरी ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए समाज की एकता, सेवा, शिक्षा, संस्कार और उत्थान के लिए कार्य करने का आह्वान किया।

 

इस अवसर पर पूर्व मंत्री श्री ननकीराम कंवर, महासचिव श्री शिव कुमार कंवर, कार्यकारी अध्यक्ष श्री थान सिंह दीवान, महिला प्रभाग की अध्यक्ष श्रीमती सविता साय, कोषाध्यक्ष श्री प्रेम सिंह कंवर, श्री आर.के. साय, श्री भीम सिंह कंवर सहित समाज के वरिष्ठजन, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

Live Cricket Live Share Market

विडिओ  न्यूज जरूर देखे 

जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...

Related Articles

Back to top button
Close
Close