
केशकाल घाट बायपास निर्माण को मिलेगी रफ्तार, पीडब्ल्यूडी सचिव ने किया निरीक्षण
रायपुर, 19 मई 2026। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने आज रायपुर-जगदलपुर मार्ग पर प्रस्तावित बहुप्रतीक्षित केशकाल घाट फोरलेन बायपास रूट का निरीक्षण किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी के साथ बायपास के दोनों छोरों का जायजा लेकर निर्माण कार्य तत्काल प्रारंभ करने के निर्देश दिए। इस दौरान लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान सचिव मुकेश कुमार बंसल ने वन विभाग के अधिकारियों को मार्ग में शेष बचे पेड़ों की कटाई शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही मुआवजा प्रकरणों की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों का जल्द निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि केशकाल घाट बायपास बस्तर और पूरे छत्तीसगढ़ के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना है तथा इसका शीघ्र निर्माण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
लोक निर्माण विभाग द्वारा लगभग 308 करोड़ रुपए की लागत से 11.38 किलोमीटर लंबे फोरलेन केशकाल घाट बायपास का निर्माण कराया जाएगा। परियोजना के अंतर्गत दो वृहद पुल और दो मध्यम पुलों का भी निर्माण किया जाएगा। बायपास बनने से रायपुर-जगदलपुर मार्ग पर यातायात अधिक सुगम और सुरक्षित होने की उम्मीद है।



