
कंवर समाज की संस्कृति और परंपराएं छत्तीसगढ़ की पहचान : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल के 100वें संस्करण पर निकली साइकिल रैली
रायपुर, 29 नवंबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि कंवर समाज की समृद्ध संस्कृति, गौरवशाली परंपराएं और सामाजिक मूल्य छत्तीसगढ़ की अमूल्य धरोहर हैं। समाज ने अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान को पीढ़ियों से सहेजकर रखा है। शिक्षा, सामाजिक एकता और संस्कृति के संरक्षण के माध्यम से समाज को आगे बढ़ाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
मुख्यमंत्री रविवार को अंबिकापुर स्थित राजमोहनी देवी ऑडिटोरियम में आयोजित संभागीय कंवर समाज सम्मेलन एवं करमा तिहार कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां समाज के लोगों ने पारंपरिक रीति-रिवाज से मुख्यमंत्री के पांव पखारकर उनका स्वागत और सम्मान किया। मुख्यमंत्री ने समाजजनों के इस स्नेह के लिए आभार जताया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि कंवर समाज के सामाजिक और आध्यात्मिक उत्थान में गहिरा गुरु का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके आदर्श और शिक्षाएं समाज को सदाचार, एकता और संस्कारों के रास्ते पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने समाज के लोगों से अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने और नई पीढ़ी को शिक्षा से जोड़ने की अपील की।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का प्रयास है कि हर वर्ग के लोगों के जीवन में खुशहाली आए। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को पक्के मकान दिए जा रहे हैं। महतारी वंदन योजना से महिलाओं को आर्थिक सहायता मिल रही है। किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदा जा रहा है। वहीं तेंदूपत्ता संग्राहकों को 5500 रुपये प्रति मानक बोरा पारिश्रमिक दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आम लोगों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ आसानी से मिले, इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 शुरू की गई है। सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से 900 से अधिक सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। ग्राम पंचायतों में अटल डिजिटल सेवा केंद्रों के जरिए भी बैंकिंग सहित कई सुविधाएं दी जा रही हैं।
समाज भवन और करमा दलों के लिए बड़ी घोषणाएं
सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने कंवर समाज के सामाजिक और सांस्कृतिक विकास के लिए कई घोषणाएं कीं। इनमें सरगुजा में संभागीय कंवर समाज भवन निर्माण के लिए 75 लाख रुपये, सूरजपुर और बलरामपुर में समाज भवन निर्माण के लिए 50-50 लाख रुपये तथा चेंद्रा में भवन निर्माण के लिए 50 लाख रुपये देने की घोषणा शामिल है।
इसके साथ ही पारंपरिक करमा नृत्य और लोकसंस्कृति को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक करमा दल को 20 हजार रुपये प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा भी की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि करमा तिहार हमारी लोकआस्था, प्रकृति के प्रति सम्मान और सामाजिक एकता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ते हैं। कार्यक्रम में कंवर समाज के प्रमुखों और सामाजिक क्षेत्र में बेहतर काम करने वाले लोगों को सम्मानित भी किया गया।
शिक्षा और एकजुटता से समाज करेगा तरक्की
कार्यक्रम में मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि किसी भी समाज की तरक्की के लिए शिक्षा, जागरूकता और एकजुटता जरूरी है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़कर समाज और प्रदेश का नाम रोशन करने की अपील की।
छत्तीसगढ़ वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा ने कहा कि सामाजिक एकता ही किसी समाज की सबसे बड़ी ताकत है। अपनी संस्कृति और परंपराओं को बचाते हुए मिल-जुलकर प्रयास करने से समाज का विकास संभव है।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, जिला पंचायत सरगुजा की अध्यक्ष निरूपा सिंह, जिला पंचायत सूरजपुर की अध्यक्ष चंद्रमणि पैकरा, नगर निगम महापौर मंजूषा भगत, सभापति हरमिंदर टिन्नी सहित जनप्रतिनिधि, कंवर समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।



