
धमतरी को मिलेंगी दो नई फोरलेन सड़कें, PWD सचिव ने किया निर्माण कार्यों का निरीक्षण
रायपुर, 19 मई 2026। प्रदेश में सड़क अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में लोक निर्माण विभाग तेजी से काम कर रहा है। इसी क्रम में लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने मंगलवार को धमतरी जिले में निर्माणाधीन और प्रस्तावित सड़क परियोजनाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने धमतरी शहर में बनने वाली दो महत्वपूर्ण फोरलेन सड़कों के प्रस्तावित स्थलों का जायजा लिया। लोक निर्माण विभाग द्वारा रत्नाबांधा चौक से कांकेर बायपास तक लगभग 5 किलोमीटर तथा सिहावा चौक से नगरी रोड तक 5 किलोमीटर सड़क का फोरलेन उन्नयन किया जाएगा। विभागीय सचिव ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ तय समय-सीमा में पूर्ण हो।

इसके अलावा श्री बंसल ने कुरुद-चरमुड़िया-गोबरा-सिवनी-चिंवरी-सिर्री मार्ग के चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य का भी निरीक्षण किया। लगभग 30 करोड़ 38 लाख रुपए की लागत से 9.3 किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण कार्य किया जा रहा है, जिसे फरवरी 2027 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
उन्होंने सिर्री-फुसेरा-करगा-चटौद सड़क के चौड़ीकरण कार्यों का भी अवलोकन किया। लगभग 15 करोड़ 53 लाख रुपए की लागत से 9.6 किलोमीटर लंबी इस सड़क का चौड़ीकरण किया जा रहा है। सचिव ने निर्माण एजेंसियों को गुणवत्ता बनाए रखते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान धमतरी कलेक्टर अबिनाश मिश्रा तथा लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी भी उपस्थित रहे।



