
कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए संवेदनशील प्रशासन और जनसेवा के निर्देश
जांजगीर-चांपा, 18 मई 2026। जन्मेजय महोबे ने शासन के मितव्ययिता एवं वित्तीय अनुशासन संबंधी निर्देशों के तहत समय-सीमा बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की। बैठक में जिला मुख्यालय के अधिकारी जिला सभाकक्ष में उपस्थित रहे, जबकि विकासखंड स्तरीय अधिकारी, जनपद पंचायतों के सीईओ, नगरीय निकायों के अधिकारी एवं तहसीलदार अपने-अपने ब्लॉक मुख्यालय स्थित स्वान कक्ष से ऑनलाइन जुड़े।

कलेक्टर ने अधिकारियों को वाहनों के साझा उपयोग, बैठकों को अधिकतम ऑनलाइन माध्यम से आयोजित करने तथा ई-ऑफिस प्रणाली को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की सेवा करना है, इसलिए सभी अधिकारी संवेदनशील एवं संयमित व्यवहार रखें और नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुनें।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्यों की जानकारी जिले की वेबसाइट एवं निर्माण पोर्टल पर नियमित रूप से अपडेट करने कहा, ताकि पारदर्शिता और मॉनिटरिंग बेहतर हो सके।

सुशासन तिहार के तहत आयोजित जनसमस्या समाधान शिविरों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को शिविरों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने तथा प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने खराब हैंडपंपों और नल-जल योजनाओं की तत्काल मरम्मत कराने तथा जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक जल व्यवस्था सुनिश्चित करने कहा।
बैठक में आगामी खरीफ सीजन की तैयारियों की समीक्षा करते हुए किसानों के लिए खाद एवं बीज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा अतिक्रमण हटाने अभियान को प्रभावी रूप से संचालित करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में गोकुल रावटे, ज्ञानेन्द्र सिंह ठाकुर, आर के तम्बोली एवं संदीप सिंह ठाकुर सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



