
नगर निगम ने राजस्व वसूली के लिए कसी कमर, लोक अदालत में प्रकरण होगा पेश
अम्बिकापुर 27 जुलाई 2022 l कलेक्टर श्री कुंदन कुमार के निर्देशन तथा निगम आयुक्त सुश्री प्रतिष्ठा ममगई के मार्गदर्शन में नगर पालिक निगम अंबिकापुर में राजस्व वसूली को प्राथमिकता देते हुए संपत्ति कर एवं जल कर के लगभग 1 हजार बड़े बकायेदारों की सूची तैयार कर उन्हे लोक अदालत में पेश किया जाएगा। इस बार पुलिस प्रशासन के माध्यम से निगम अमला द्वारा नोटिस तामील कराया जाएगा और लोक अदालत में उपस्थित नही होने वाले लोगो से नियमानुसार प्रतिबंधात्मक कार्यवाही पूरी की जाएगी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार निगम ने वार्ड क्रमांक 14 एवम 15 के बड़े बकायेदारों के पानी के कनेक्शन काट दिए हैं। आने वाले दिनों में बड़े बकाएदारों के साथ साथ सरकारी विभागों जिनका किराया अत्यधिक बढ़ गया है उन पर भी इस तरह की कार्यवाही की जाएगी। दुकान किराया वसूलने एवं अनुबंध नवीनीकरण के लिए निगम ने कुल 200 से अधिक लोगों को नोटिस जारी किया है। समय पर अनुबंध नवीनीकरण नही कराए जाने पर पेनाल्टी का प्रावधान है एवं अनुबंध रद्द करने पर निगम विचार कर रहा है।
निगम आयुक्त ने आम लोगो से अपील की है कि सभी नागरिक समय पर टैक्स पटायें एवम एक अच्छे नागरिक होने का कर्तव्य निभायें।