
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन, 40 वार्डों में नाली सुधार के लिए ₹2 करोड़ और दो मुक्तिधामों के लिए ₹1 करोड़ देने का ऐलान
रिसाली। दुर्ग जिले के नगर पालिक निगम रिसाली को विकास कार्यों की बड़ी सौगात मिली है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को रिसाली में आयोजित कार्यक्रम में 101 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने पेयजल व्यवस्था सुधारने के लिए 134 करोड़ रुपये, सभी 40 वार्डों में नाली सुदृढ़ीकरण के लिए 2 करोड़ रुपये तथा नेवई और जोरातराई के मुक्तिधामों के उन्नयन के लिए 50-50 लाख रुपये देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप शहरों को आर्थिक विकास, उद्योग, व्यापार और रोजगार के नए केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं से शहरों में सड़क, पेयजल, आवास और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
101 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि रिसाली नगर निगम क्षेत्र में 101 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की शुरुआत की गई है। इसमें नगर निगम के 29 करोड़ 55 लाख रुपये की लागत वाले 22 कार्यों का भूमिपूजन और 39 करोड़ 56 लाख रुपये के दो कार्यों का लोकार्पण शामिल है।
इसके अलावा लोक निर्माण विभाग के 28 करोड़ 6 लाख रुपये के एक कार्य तथा मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं विकास योजना के तहत 3 करोड़ 84 लाख रुपये के चार कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
सड़क, नाली और पेयजल व्यवस्था पर रहेगा जोर
मुख्यमंत्री ने बताया कि आजाद मार्केट से प्रगति नगर होते हुए मैत्री कुंज तक 10 करोड़ 84 लाख रुपये की लागत से नाला बनाया जाएगा। डीपीएस चौक से जोहार चौक तक 5 करोड़ 59 लाख रुपये की लागत से सड़क निर्माण और विकास कार्य होंगे।
वार्ड क्रमांक 18 में करीब 1 करोड़ 95 लाख रुपये से ओवरहेड टैंक बनाया जाएगा। मैत्री नगर में उद्यान, समतलीकरण, स्ट्रीट लाइट और हाईमास्ट लाइट लगाने के लिए करीब 1 करोड़ 65 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
इसके अलावा तालपुरी और रूआबांधा, डुंडेरा पश्चिम, नेवई भांठा, नेवई बस्ती पूर्व तथा शक्ति विहार रिसाली में भी अलग-अलग विकास कार्य कराए जाएंगे।
नेवई में 28 करोड़ से अधिक के शैक्षणिक भवन बनेंगे
मुख्यमंत्री ने बताया कि छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय, नेवई भिलाई में लगभग 28 करोड़ 7 लाख रुपये की लागत से नए आवासीय भवन, बालक छात्रावास और वर्कशॉप भवन का निर्माण किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक और आवासीय सुविधाएं मिल सकेंगी।
पीएम ई-बस सेवा से जुड़ेगा रिसाली
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि आने वाले समय में रिसाली नगर निगम क्षेत्र को पीएम ई-बस सेवा से जोड़ा जाएगा। इससे लोगों को सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य शहरों में केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि आम नागरिकों को बेहतर जीवन सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
किसानों और महिलाओं को लेकर सरकार की योजनाओं की जानकारी दी
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए जा रहे हैं। प्रदेश में 18 लाख आवासों की व्यवस्था की गई है, जिनमें से 12 लाख मकानों का निर्माण पूरा हो चुका है।
उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत करीब 68 लाख महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। अब तक योजना की 33 किस्तें जारी की जा चुकी हैं।
धान खरीदी के संबंध में मुख्यमंत्री ने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में प्रदेश के करीब 3100 उपार्जन केंद्रों में धान खरीदी की जा रही है। इस वर्ष 360 नए खरीदी केंद्र भी शुरू किए गए हैं। किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदा जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रति एकड़ 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले किसानों को भी अंतर की आदान सहायता राशि देने का निर्णय लिया गया है।
उप मुख्यमंत्री बोले- रिसाली के विकास में नहीं होगी पैसों की कमी
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश के नगरीय क्षेत्रों में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। रिसाली को 101 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिली है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि रिसाली नगर निगम क्षेत्र के विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए धन की कमी नहीं होने दी जाएगी।
95 हितग्राहियों को मिली योजनाओं की सौगात
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत 95 हितग्राहियों को सहायता राशि, सामग्री, प्रमाण पत्र और अधिकार अभिलेख वितरित किए गए।
समाज कल्याण विभाग की ओर से चंचला दुर्गा और रघुनंदन ध्रुव को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, शिव प्रसाद को ट्राइसाइकिल, विकास कुमार को व्हीलचेयर और रोहिणी मानिकपुरी को श्रवण यंत्र प्रदान किया गया। अन्य हितग्राहियों को भी विभिन्न योजनाओं का लाभ दिया गया।
कार्यक्रम में स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल, विधायक ललित चंद्राकर, रिकेश सेन, दुर्ग महापौर अलका बाघमार, रिसाली महापौर शशि सिन्हा, जिला पंचायत अध्यक्ष सरस्वती बंजारे सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।



