
ड्राइविंग टेस्ट स्कूल और ऑटोमेटेड फिटनेस सेंटर का प्रभारी सचिव ने किया निरीक्षण
जांजगीर-चांपा, 25 नवंबर 2026। प्रभारी सचिव एस. प्रकाश और कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने बलौदा विकासखंड के ग्राम सिवनी (नैला) में निर्माणाधीन ड्राइविंग टेस्ट स्कूल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति देखी और अधिकारियों से जानकारी ली।
प्रभारी सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए और इसे तय समय-सीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि ड्राइविंग टेस्ट स्कूल शुरू होने से आम लोगों को ड्राइविंग टेस्ट और लाइसेंस बनवाने से जुड़ी सुविधाएं आसानी से मिल सकेंगी।

इसके बाद प्रभारी सचिव ने सारागांव स्थित हाईवे पर बने ऑटोमेटेड फिटनेस सेंटर का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने वाहनों की फिटनेस जांच के लिए लगाई गई आधुनिक मशीनों और तकनीकी व्यवस्थाओं को देखा।
निरीक्षण के दौरान ट्रक के शोर (नॉइस लेवल), हॉर्न, एक्सीलेटर, वजन, गति और वायु प्रदूषण की जांच प्रक्रिया का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से सेंटर में होने वाली जांच और मशीनों के संचालन की जानकारी ली।
प्रभारी सचिव ने निर्देश दिए कि वाहनों की फिटनेस जांच निर्धारित नियमों और मानकों के अनुसार की जाए। साथ ही सेंटर की सभी तकनीकी व्यवस्थाओं का सुचारू संचालन सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम सुब्रत प्रधान, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी विवेक सिन्हा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



