
प्रभारी सचिव ने धान खरीदी केंद्रों का किया निरीक्षण, किसानों से जानी समस्याएं
ड्राइविंग टेस्ट स्कूल और ऑटोमेटेड फिटनेस सेंटर का प्रभारी सचिव ने किया निरीक्षण
जांजगीर-चांपा, 25 नवंबर 2026। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का काम जारी है। इसी बीच प्रभारी सचिव एस. प्रकाश और कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने बलौदा विकासखंड के बलौदा, कोरबी और सिवनी (नैला) स्थित धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्रों में पहुंचकर धान खरीदी की व्यवस्था देखी और किसानों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याओं और सुविधाओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने केंद्र प्रभारियों से अब तक हुई धान खरीदी, पंजीकृत किसानों, जारी टोकन और धान बेच चुके किसानों की जानकारी ली। साथ ही शेष किसानों की स्थिति और रोजाना हो रही खरीदी की भी समीक्षा की।
उन्होंने धान की तौल, नमी की जांच, गुणवत्ता परीक्षण और बारदानों की उपलब्धता देखी। इसके अलावा धान के सुरक्षित भंडारण, पानी निकासी, पेयजल और किसानों के बैठने के लिए छायादार स्थान जैसी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

प्रभारी सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि धान खरीदी में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। किसानों से निर्धारित मापदंडों के अनुसार धान खरीदा जाए और खरीदी के बाद उसका सुरक्षित भंडारण तथा समय पर उठाव सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने धान की अलग-अलग किस्मों के अनुसार स्टेकिंग करने और केंद्रों में पर्याप्त बारदाने उपलब्ध रखने के निर्देश भी दिए।
इस दौरान प्रभारी सचिव ने धान बेचने पहुंचे किसानों से टोकन व्यवस्था और खरीदी प्रक्रिया के बारे में पूछा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसानों को धान बेचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। यदि किसी किसान को समस्या आती है तो उसका तत्काल निराकरण किया जाए।
उन्होंने नोडल अधिकारियों और समिति प्रबंधकों को आपसी समन्वय के साथ पारदर्शी तरीके से धान खरीदी पूरी कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नगर पंचायत बलौदा की अध्यक्ष कविता डहरिया, जनप्रतिनिधि, एसडीएम सुमित बघेल सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



