मंदिर की जमीन पर तीन साल तक कराया धान पंजीयन, ₹2.20 लाख बोनस राशि के अनियमित आहरण का मामला

अवैध रेत भंडारण पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 25 हाइवा रेत जब्त, चैन माउंटेन मशीन भी पकड़ी गई

 

चांपा। मंदिर की जमीन को अपनी निजी कृषि भूमि बताकर तीन साल तक धान बेचने और शासन की कृषक उन्नति योजना के तहत बोनस राशि लेने का मामला सामने आया है। मामले में जिला प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए संबंधित किसान, समिति प्रबंधक और कंप्यूटर ऑपरेटर को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

 

मामला जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम हथनेवरा स्थित महादेव स्थान चांपा मंदिर (ट्रस्ट) की जमीन से जुड़ा है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देश पर एसडीएम चांपा शशि कुमार चौधरी ने यह कार्रवाई की है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, तुलसी निवासी संतोष कुमार लहरे की शिकायत पर तहसीलदार चांपा, सहकारिता विस्तार अधिकारी और खाद्य निरीक्षक बम्हनीडीह की संयुक्त टीम ने जांच की। जांच में सामने आया कि ग्राम चांपा निवासी किसान सीताराम द्विवेदी ने अपनी निजी जमीन के साथ हथनेवरा स्थित मंदिर की 2.1930 हेक्टेयर यानी करीब 5.42 एकड़ जमीन को भी अपने किसान पंजीयन में शामिल करा लिया था।

 

बिना जांच के तीन साल तक चलता रहा पंजीयन

 

जांच में पाया गया कि सेवा सहकारी समिति मर्यादित चांपा के तत्कालीन एवं वर्तमान समिति प्रबंधक गोविन्द मिश्रा और कंप्यूटर ऑपरेटर लोकेश कुमार साहू ने राजस्व रिकॉर्ड (बी-1) का सत्यापन किए बिना वर्ष 2023-24 में मंदिर की जमीन का पंजीयन कर दिया। इसके बाद वर्ष 2024-25 और 2025-26 में भी पोर्टल के माध्यम से पंजीयन को कैरी फॉरवर्ड कर दिया गया।

 

नियमों के अनुसार मंदिर या ट्रस्ट की जमीन पर कृषक उन्नति योजना का लाभ लेने की पात्रता नहीं है। इसके बावजूद इस जमीन के आधार पर अतिरिक्त धान की बिक्री की गई।

 

261 क्विंटल से अधिक अतिरिक्त धान बेचा

 

जांच के मुताबिक, किसान की अपनी निजी जमीन के आधार पर प्रतिवर्ष 96.26 क्विंटल धान बेचने की पात्रता थी। लेकिन मंदिर की जमीन को पंजीयन में शामिल कराने के कारण तीन वर्षों में कुल 261.22 क्विंटल अतिरिक्त धान का विक्रय किया गया। इस मामले में ₹2,19,957 की शासकीय राशि की अनियमितता सामने आई है।

 

7 दिन में देना होगा जवाब

 

एसडीएम चांपा ने संबंधित किसान सीताराम द्विवेदी को सात दिनों के भीतर अपना जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। वहीं समिति प्रबंधक गोविन्द मिश्रा और कंप्यूटर ऑपरेटर लोकेश कुमार साहू को भी सात दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने के लिए नोटिस जारी किया गया है।

 

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर छत्तीसगढ़ सहकारी सोसायटी अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी। साथ ही किसान पोर्टल से मंदिर की जमीन के खसरों को हटाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

 

 

Live Cricket Live Share Market

विडिओ  न्यूज जरूर देखे 

जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...

Related Articles

Back to top button
Close
Close