
भिलाई को ₹154.66 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया लोकार्पण और भूमिपूजन
भिलाई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भिलाई के खुर्सीपार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कुल 154 करोड़ 66 लाख 86 हजार रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस मौके पर उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए कई नई घोषणाएं भी कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में नगर निगम भिलाई के विकास के लिए 886 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कुरुद-जुनवानी-कोहका मार्ग से साकेत नगर, कुरुद बस्ती और सुंदर विहार तक सड़क निर्माण के लिए 13 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। वहीं जुनवानी-कोहका-कुरुद मार्ग में कोसानाला से कुटेला मार्ग और कुटेलाभाठा सड़क निर्माण के लिए 14 करोड़ रुपये की स्वीकृति देने की घोषणा की। इसके अलावा भिलाई में ऑडिटोरियम और इंडोर स्टेडियम बनाने की भी घोषणा की गई।
बीएसपी टाउनशिप के हजारों परिवारों को किराए में राहत
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि बीएसपी टाउनशिप में रहने वाले लोगों के रिटेंशन आवास के किराए में 24 गुना वृद्धि का मामला सामने आने पर सांसद, विधायक और अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ चर्चा की गई। इसके बाद अधिकारियों से बातचीत कर मासिक किराए में बढ़ोतरी को कम करते हुए 6 रुपये किए जाने का निर्णय लिया गया। इससे हजारों परिवारों को राहत मिली है।
तीन वर्षों में 886 करोड़ रुपये के विकास कार्य
मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिदिन लगभग 1600 आवास बनाए जा रहे हैं। वहीं शहरी क्षेत्रों में पिछले तीन वर्षों के दौरान 77 हजार से अधिक मकानों का निर्माण कराया गया है।
उन्होंने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत 68 लाख से अधिक महिलाओं को हर महीने 1000 रुपये दिए जा रहे हैं। योजना की 33 किस्तों में 21,350 करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं के खातों में भेजी जा चुकी है। रामलला दर्शन योजना सहित अन्य योजनाओं से भी लोगों को लाभ मिल रहा है।
चिटफंड कंपनी के 3000 निवेशकों को लौटाए ₹3.16 करोड़
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने यश ड्रीम चिटफंड कंपनी के निवेशकों को उनकी जमा राशि वापस करने की प्रक्रिया के तहत बटन दबाकर 3000 निवेशकों के खातों में कुल 3 करोड़ 16 लाख 54 हजार 889 रुपये की राशि हस्तांतरित की।
इसके साथ ही विभिन्न सरकारी योजनाओं के हितग्राहियों को भी लाभान्वित किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत 8 लोगों को प्रमाण पत्र दिए गए। पीएम स्वनिधि योजना के तहत 6 स्ट्रीट वेंडर्स को बैंक ऋण उपलब्ध कराया गया। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के 5 हितग्राहियों को प्रशस्ति पत्र और आयुष्मान भारत योजना के तहत 5 लोगों को आयुष्मान कार्ड प्रदान किए गए।
श्रमिकों और महिला समूहों को भी मिला लाभ
श्रम विभाग की ओर से मुख्यमंत्री निर्माण श्रमिक मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता योजना के दो हितग्राहियों को एक-एक लाख रुपये के चेक दिए गए। वहीं 7 श्रमिकों को पंजीयन कार्ड वितरित किए गए।
छत्तीसगढ़ महिला कोष योजना के तहत 9 महिला स्व-सहायता समूहों को ऋण राशि के चेक प्रदान किए गए। इसके अलावा मत्स्य विभाग की योजनाओं के तहत मछुआरों को आइस बॉक्स, नाव और जाल वितरित किए गए तथा 10 हितग्राहियों को पट्टा दिया गया।
भिलाई के विकास में मिलेगी नई गति
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रदेश में गांवों और शहरों में विकास कार्यों का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि पिछले तीन वर्षों में नगर निगम भिलाई के विकास के लिए 886 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। नगरीय क्षेत्रों में स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए भी काम किया जा रहा है।
इस अवसर पर स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, सांसद विजय बघेल, राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, विधायक ललित चंद्राकर, रिकेश सेन, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडेय, महापौर नीरज पाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।



