
आकाशीय बिजली एवं गाज प्रभावितों को तत्काल सहायता उपलब्ध हो- कलेक्टर समय-सीमा की बैठक सम्पन्न
अम्बिकापुर 01 जून 2022। कलेक्टर श्री संजीव कुमार झा ने बुधवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभागीय कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने आकाशीय बिजली एवं गाज गिरने से प्रभावितां को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने हेतु तहसीलदार एवं जनपद सीईओ को निर्देशित किया। इसके साथ ही प्रभावित क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की बहाली भी शीघ्र करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि अक्सर मई और जून के महीने में प्राकृतिक आपदा आकाशीय बिजली या गाज गिरने की घटना होती है जिसे जन एवं पशु हानि के साथ ही बिजली एवं संचार सुविधा बाधित होती है। इस प्राकृतिक आपदा से प्रभावितों को तत्काल सहायता उपलब्ध हो इसके लिए जनपद सीईओ और तहसीलदार सूचना तंत्र मजबूत रखें। घटना की सूचना शीघ्र मिलनी चाहिए ताकि प्रभावितों को तत्काल सहायता मिल सके। उन्होंने राजस्व पुस्तक परिपत्र 6-4 के तहत मुआवजा राशि की पर्याप्त उपलब्धता के लिए मांग पत्र भेजने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने खरीफ सीजन में किसानों को खाद बीज की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए कहा कि निजी उर्वरक विक्रेता पास मशीन से ही विक्रय करे तथा दुकानों में दर सूची चस्पा हो और कैश मेमां रखें। इसके साथ ही प्रतिदिन भंडारण और वितरण की जानकारी कृषि विभाग के अधिकारियों को दें। उन्होंने कहा निजी विक्रेताओं द्वारा किसानों को यूरिया निर्धारित दर से अधिक पर न बेंचे। नियमित दुकानों की जांच करे जहाँ भी गड़बडी मिलती है कार्यवाही करें।
कलेक्टर ने गोधन न्याय योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि गोठनों में गोबर खरीदी व वर्मी खाद निर्माण नियमित रूप से करें। जिन गोठनों में नेपियर घास नहीं लगा है वहां बारिश से बरसात से पहले लगयें। उन्होंने सभी विकासखंडों में ब्लॉक प्लान्टेशन के लिए उद्यान विभाग को स्थल चयन करने तथा मुनगा व पपीता के पौधे तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा भेंट मुलाकात कार्यक्रम में किये गए घोषणाओं पर अमल के लिए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री विनय कुमार लंगेह, नगर निगम आयुक्त श्री विजय दयाराम के., अपर कलेक्टर श्री एएल धु्रव सहित एसडीएम, तहसीलदार, जनपद सीईओ एवं विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित थे।



