
धान खरीदी की पारदर्शिता और व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दें अधिकारी : कलेक्टर महोबे
जांजगीर-चांपा, 16 नवंबर 2026। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विभिन्न शासकीय योजनाओं, विकास कार्यों एवं विभागीय लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा सभी लंबित मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत जिले में 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ हो चुकी है। उन्होंने नोडल अधिकारियों एवं समिति प्रबंधकों को धान खरीदी कार्य की नियमित निगरानी करने तथा टोकन जारी करने, धान की आवक और भंडारण व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
उन्होंने सभी धान उपार्जन केंद्रों में इलेक्ट्रॉनिक तौल यंत्र, बायोमेट्रिक डिवाइस, कंप्यूटर, प्रिंटर, इंटरनेट, सीसीटीवी कैमरे एवं पर्याप्त बारदानों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही किसानों की सुविधा के लिए पेयजल, छाया, शौचालय, बिजली एवं साफ-सफाई जैसी मूलभूत व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने तथा धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने पारस पोर्टल पर विभागवार योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को नियमित रूप से जानकारी अपडेट करने कहा। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन, उपलब्धियों एवं निर्धारित लक्ष्यों की निगरानी के लिए पारस पोर्टल महत्वपूर्ण है। इसलिए सभी विभाग समय-समय पर योजनाओं की प्रगति और लक्ष्य पूर्ति से संबंधित जानकारी पोर्टल पर दर्ज करें।
बैठक में प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
इसके अलावा विभिन्न विभागों में लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए उन्होंने प्राथमिकता के आधार पर उनका निराकरण करने को कहा। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, मुख्यमंत्री जनदर्शन एवं कलेक्टर जनदर्शन से प्राप्त आवेदनों पर चर्चा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने और की गई कार्रवाई की जानकारी आवेदकों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने जिले में अवैध अतिक्रमण के मामलों पर भी नियमित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में पंचायत एवं ग्रामीण विकास, लोक निर्माण, शिक्षा, विद्युत, खाद्य, सहकारिता, नगरीय प्रशासन एवं विकास, मत्स्य पालन, महिला एवं बाल विकास तथा पशु चिकित्सा विभाग सहित अन्य विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर बीरेन्द्र लकड़ा, आर.के. तंबोली, प्रमोद गुप्ता, स्निग्धा तिवारी, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।



