धरमजयगढ़ में जनजातीय गौरव दिवस का भव्य आयोजन, मुख्यमंत्री साय ने कहा- जनजातीय समाज का सम्मान और समृद्धि सरकार का संकल्प

धान खरीदी के पहले दिन कलेक्टर महोबे ने खोखरा और कुटरा उपार्जन केंद्रों का किया निरीक्षण

 

रायपुर, 15 नवंबर 2026। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ स्थित ऐतिहासिक दशहरा मैदान में राज्यस्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जनजातीय समाज के सम्मान, स्वाभिमान, संस्कृति और सर्वांगीण विकास को सरकार की प्राथमिकता बताया। वहीं राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने कहा कि बस्तर में अब बंदूक की जगह खेल के मैदान तैयार हो रहे हैं और भय एवं हिंसा की जगह विश्वास तथा विकास का नया वातावरण बन रहा है।

 

समारोह को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने भगवान बिरसा मुंडा सहित देश के महान जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि जनजातीय नायकों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद करने का अवसर है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जनजातीय संस्कृति और परंपराओं को मिल रहे सम्मान की सराहना की।

 

नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रयासों से बस्तर में नक्सलवाद के विरुद्ध अभियान को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। जिन क्षेत्रों में कभी बंदूकों की आवाज सुनाई देती थी, वहां अब बच्चे और युवा शिक्षा, खेल तथा कौशल विकास के माध्यम से अपने भविष्य को नई दिशा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि बंदूक की जगह खेल का मैदान, हिंसा की जगह शिक्षा और भय की जगह विश्वास पैदा होना ही वास्तविक विकास है।

 

भगवान बिरसा मुंडा का बलिदान जनजातीय अस्मिता और स्वाभिमान का प्रतीक : मुख्यमंत्री साय

 

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भगवान बिरसा मुंडा, भारत माता एवं छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने पारंपरिक जनजातीय वेशभूषा धारण कर तीर-धनुष एवं पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ जनजातीय समाज के लोगों का उत्साहवर्धन किया।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज का सम्मान, उसकी गौरवशाली संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण तथा प्रत्येक जनजातीय परिवार तक विकास पहुंचाना सरकार का संकल्प है। भगवान बिरसा मुंडा सहित महान जनजातीय नायकों ने जिस स्वाभिमानी और समृद्ध समाज का सपना देखा था, उसे साकार करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

 

उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी शासन के अन्याय, अत्याचार और शोषण के विरुद्ध जनजातीय समाज को संगठित कर ऐतिहासिक संघर्ष किया। मात्र 25 वर्ष की आयु में उनका बलिदान जनजातीय अस्मिता, संस्कृति और स्वाभिमान की रक्षा का प्रतीक बन गया।

 

मुख्यमंत्री ने पद्मश्री सम्मानित जनजातीय विभूतियों बुधरी ताती, जागेश्वर यादव एवं पंडी राम मंडावी का अभिनंदन कर सम्मानित किया। साथ ही जनजातीय नृत्य प्रतियोगिताओं के विजेता दलों को पुरस्कृत किया। कार्यक्रम में जनजातीय कला, संस्कृति और पारंपरिक उत्पादों से जुड़े विभिन्न स्टॉलों का भी अवलोकन किया गया।

 

6,691 गांवों तक पहुंच रही विकास योजनाएं

 

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से छत्तीसगढ़ के 6,691 गांवों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पेयजल और आजीविका जैसी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। वहीं पीएम-जनमन योजना के माध्यम से विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के विकास के लिए काम किया जा रहा है।

 

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गठन के बाद पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों के लिए राज्यांश की व्यवस्था करने का निर्णय लिया गया था। वर्तमान में प्रदेश में प्रतिदिन लगभग 1,600 प्रधानमंत्री आवासों का निर्माण हो रहा है।

 

मुख्यमंत्री ने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की लगभग 68 लाख पात्र महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की सहायता दी जा रही है। योजना की 33 किस्तों के माध्यम से अब तक लगभग 21 हजार 350 करोड़ रुपये महिलाओं के खातों में अंतरित किए जा चुके हैं।

 

उन्होंने कहा कि तेंदूपत्ता संग्राहकों के हित में संग्रहण पारिश्रमिक बढ़ाकर 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा किया गया है। चरण पादुका योजना फिर से शुरू की गई है। जनजातीय संस्कृति के संरक्षण के लिए अखरा एवं देवगुड़ी विकास के कार्य भी कराए जा रहे हैं।

 

बस्तर में शांति, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार

 

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि नक्सलवाद के विरुद्ध अभियान में मिली सफलताओं से बस्तर के दूरस्थ क्षेत्रों में शांति, सुरक्षा और विकास का नया वातावरण बन रहा है। नियद नेल्लानार और बस्तर मुन्ने जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से दूरस्थ क्षेत्रों तक शासन की योजनाएं पहुंचाई जा रही हैं।

 

उन्होंने बताया कि सुरक्षा कैंपों को सेवा डेरा के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने के साथ महिलाओं और युवाओं को कौशल विकास तथा स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान के अंतर्गत लगभग 35 लाख लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया है। मनेंद्रगढ़ और गीदम में नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना की दिशा में कार्य किया जा रहा है। जगरगुंडा और ओरछा जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही हैं। दूरस्थ गांवों में आवागमन की सुविधा बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री ग्रामीण बस सेवा भी शुरू की गई है।

 

कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी मिलेगी पूरी आदान सहायता राशि

 

समारोह में मुख्यमंत्री ने किसानों के हित में महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि अब प्रति एकड़ निर्धारित अधिकतम 21 क्विंटल से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी पूरी आदान सहायता राशि मिलेगी।

 

उन्होंने कहा कि कृषक उन्नति योजना के अंतर्गत पात्र किसानों को प्रति एकड़ 13,839 रुपये की आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। इससे विशेष रूप से कम उत्पादकता वाले क्षेत्रों के लघु, सीमांत और जनजातीय किसानों को राहत मिलेगी।

 

मुख्यमंत्री ने बताया कि 15 नवंबर से खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए प्रदेशभर में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ हो गई है। किसानों की सुविधा के लिए 360 नए धान उपार्जन केंद्र शुरू किए गए हैं। इसके साथ ही प्रदेश में खरीदी केंद्रों की कुल संख्या बढ़कर 3,100 हो गई है।

 

उन्होंने कहा कि नए केंद्र खुलने से किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी और खरीदी केंद्रों में भीड़ तथा लंबी कतारों से राहत मिलेगी।

 

मांझी-चालकी पदाधिकारियों और तेंदूपत्ता संग्राहकों का सम्मान

 

कार्यक्रम में मांझी-चालकी व्यवस्था से जुड़े पदाधिकारियों को सम्मान राशि और तेंदूपत्ता संग्राहकों को बोनस राशि वितरित की गई। शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के हितग्राहियों को भी सम्मानित किया गया।

 

इस अवसर पर केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, जनजातीय समाज के प्रमुख तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

 

Live Cricket Live Share Market

विडिओ  न्यूज जरूर देखे 

जवाब जरूर दे 

आप अपने सहर के वर्तमान बिधायक के कार्यों से कितना संतुष्ट है ?

View Results

Loading ... Loading ...

Related Articles

Back to top button
Close
Close