
देवरी में जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन, 30 प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
जांजगीर-चांपा। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर बलौदा विकासखंड के ग्राम देवरी में जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह का आयोजन किया गया। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में जांजगीर-चांपा लोकसभा सांसद कमलेश जांगड़े मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सबका मन मोह लिया।
भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष को किया याद
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद कमलेश जांगड़े ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनका साहस, संघर्ष और बलिदान हमेशा देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा।
उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के वीर सपूतों ने देश की आजादी, संस्कृति और परंपराओं की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है। भगवान बिरसा मुंडा ने झारखंड की धरती से जनजातीय समाज का नेतृत्व करते हुए स्वतंत्रता संग्राम को नई दिशा दी। उनका योगदान देश के इतिहास में हमेशा याद रखा जाएगा।
30 सामाजिक प्रतिभाओं को किया गया सम्मानित
समारोह के दौरान जनजातीय समाज की 30 प्रतिभाओं को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। इनमें सामाजिक, सांस्कृतिक और खेल के क्षेत्र में योगदान देने वाली प्रतिभाएं शामिल रहीं। सम्मानित होने वालों में देवनारायण कंवर, गंगोत्री कंवर, रामकृष्ण बिंझवार, रामभरोस सिदार, कृष्णकुमार राज, संगीता कंवर, प्रदीप कंवर, अनुसुइयां कंवर, ईशा कंवर, डिंपी सिंह और खेल प्रतिभा आयुष कुमार सिदार सहित अन्य लोग शामिल थे।
जनप्रतिनिधि और समाज के लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष बलौदा शारदा सनत देवांगन, जनपद पंचायत सदस्य उर्मिला निर्मल बिंझवार, जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम, जनजातीय समाज के प्रमुख मनमोहन सिंह गोंड़, बी.एस. सिदार, विजय कुंवर मरकाम, राजेन्द्र कंवर, हरेंद्र कंवर, गंगोत्री कंवर और लखन सिंह कंवर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में जनजातीय समाज के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और देश के निर्माण में उनके योगदान को याद किया गया।



