
छठ महापर्व की तैयारियों का मंत्री राजेश अग्रवाल ने लिया जायजा, तीन छठ घाटों का किया निरीक्षण
रायपुर, 13 नवंबर 2026। छठ महापर्व को लेकर अंबिकापुर शहर में तैयारियां तेज हो गई हैं। व्रतियों एवं श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल ने शुक्रवार को शहर के विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया।
इस दौरान मंत्री ने शंकर घाट, महामाया घाट और गोधनपुर स्थित शिवधारी कॉलोनी छठ घाट पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने घाटों में साफ-सफाई, सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था और श्रद्धालुओं के आवागमन से जुड़ी सुविधाओं की जानकारी ली।
शंकर घाट में व्यवस्थाओं का लिया जायजा
मंत्री राजेश अग्रवाल ने शंकर घाट के निरीक्षण के दौरान घाट परिसर की साफ-सफाई, सुरक्षा और रोशनी की व्यवस्था देखी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि छठ पूजा के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। घाट पर पर्याप्त रोशनी और सुरक्षित आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
महामाया घाट और शिवधारी कॉलोनी घाट का भी निरीक्षण
इसके बाद मंत्री ने महामाया घाट पहुंचकर पूजा की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से स्वच्छता और श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी लेते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
इसी क्रम में गोधनपुर स्थित शिवधारी कॉलोनी छठ घाट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने घाट परिसर की साफ-सफाई और पूजा संबंधी तैयारियों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
छठ महापर्व आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक
मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि छठ महापर्व सूर्य उपासना, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और पारिवारिक सुख-समृद्धि की कामना का पर्व है। यह हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं और सामाजिक एकता का प्रतीक है। व्रती कठिन नियमों और अनुशासन के साथ भगवान सूर्य एवं छठी मैया की आराधना करते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।
उन्होंने अधिकारियों को सभी छठ घाटों पर स्वच्छता, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, सुरक्षित आवागमन और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करते हुए तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा।
इस अवसर पर मंत्री ने प्रदेशवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।



