
15 नवंबर से शुरू होगी समर्थन मूल्य पर धान खरीदी, कलेक्टर ने तैयारियों को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश
15 नवम्बर से सभी उपार्जन केंद्रों मे धान खरीदी की पूरी तैयारी हो – कलेक्टर
जांजगीर-चांपा। जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू होगी। धान खरीदी को व्यवस्थित और सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए बुधवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में अधिकारियों, कर्मचारियों, नोडल अधिकारियों और समिति प्रबंधकों का प्रशिक्षण आयोजित किया गया। इसमें कलेक्टर जन्मेजय महोबे शामिल हुए।
प्रशिक्षण के दौरान धान खरीदी प्रक्रिया, टोकन जारी करने, एग्रीस्टैक पंजीयन, उपार्जन केंद्रों की निगरानी, भंडारण व्यवस्था और अधिकारियों-कर्मचारियों की जिम्मेदारियों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।
पारदर्शिता के साथ धान खरीदी करने के निर्देश
कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कहा कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी-कर्मचारी प्रशिक्षण में दी गई जानकारी को गंभीरता से समझें और आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाएं। उन्होंने कहा कि किसानों को धान बेचने के दौरान किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। खरीदी निर्धारित समय-सीमा में पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से पूरी की जाए।
उन्होंने सभी उपार्जन केंद्रों में साफ-सफाई, फेंसिंग, बिजली, कंप्यूटर, प्रिंटर और इंटरनेट कनेक्टिविटी की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। इसके साथ ही इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, बायोमेट्रिक डिवाइस, जनरेटर, बारदाने, नमी मापक यंत्र और सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
किसानों की सुविधाओं का रखा जाएगा विशेष ध्यान
कलेक्टर ने उपार्जन केंद्रों में किसानों के लिए छाया, पेयजल, शौचालय और ड्रेनेज की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। साथ ही हमालों और डाटा एंट्री ऑपरेटरों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने धान की किस्म के अनुसार भंडारण, नए और पुराने बारदानों को अलग-अलग रखने तथा धान की सुव्यवस्थित स्टैकिंग पर भी जोर दिया। धान खरीदी और ऑनलाइन प्रविष्टि क्विंटल के आधार पर करने के निर्देश दिए गए।
किसानों को तुंहर टोकन मोबाइल ऐप की जानकारी देकर इसके उपयोग के लिए प्रोत्साहित करने को कहा गया, ताकि टोकन प्राप्त करने की प्रक्रिया आसान हो और खरीदी में पारदर्शिता बनी रहे।
ये अधिकारी-कर्मचारी रहे उपस्थित
प्रशिक्षण में संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर, उप पंजीयक सहकारिता मंजू पांडेय, उप संचालक कृषि राकेश शर्मा, जिला खाद्य अधिकारी संदीप पांडेय, भू-अभिलेख अधीक्षक विनय पटेल, सभी एसडीएम, नोडल अधिकारी, समिति प्रबंधक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



