
नगरी कॉलेज में युवाओं को बाल अधिकार और साइबर सुरक्षा की जानकारी
एयरपोर्ट की सुरक्षा को लेकर बैठक, पक्षियों और वन्यजीवों से बचाव पर चर्चा
धमतरी, 24 सितंबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत शासकीय सुखराम नागे महाविद्यालय, नगरी में विद्यार्थियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में युवाओं को बाल अधिकार, साइबर सुरक्षा और बच्चों की सुरक्षा से जुड़ी जरूरी जानकारी दी गई।
महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला बाल संरक्षण इकाई और चाइल्ड हेल्पलाइन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों को बाल शोषण, साइबर अपराध, लैंगिक हिंसा, बाल मजदूरी, बाल विवाह और मानव तस्करी जैसे मामलों से सावधान रहने की जानकारी दी गई।
विद्यार्थियों को सोशल मीडिया इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतने की सलाह दी गई। बताया गया कि अनजान लोगों से सोशल मीडिया पर बातचीत करते समय सतर्क रहें और अपनी निजी जानकारी, फोटो या जरूरी दस्तावेज किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करें।
कार्यक्रम में POCSO एक्ट 2012, किशोर न्याय अधिनियम 2015 और बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के बारे में भी आसान भाषा में जानकारी दी गई।
विद्यार्थियों को बताया गया कि बच्चों से जुड़ी किसी भी परेशानी, हिंसा या शोषण की स्थिति में चुप नहीं रहना चाहिए। इसके लिए 24 घंटे चलने वाली चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर सूचना दी जा सकती है। आपात स्थिति में 112 पर भी मदद ली जा सकती है।
कार्यक्रम में नशे से होने वाले नुकसान और शासकीय बाल देखरेख संस्थाओं के बारे में भी जानकारी दी गई।
इस दौरान चाइल्ड हेल्पलाइन सुपरवाइजर, जिला महिला संरक्षण अधिकारी, मिशन शक्ति समन्वयक, कॉलेज के प्राचार्य, प्राध्यापक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।



