
साप्ताहिक जनदर्शन में 45 आवेदकों ने रखीं मांगें और शिकायतें
जांजगीर-चांपा, 25 अगस्त 2026। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं, शिकायतें और मांगें संवेदनशीलता के साथ सुनीं। जनदर्शन में कुल 45 आवेदन प्राप्त हुए।
कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी आवेदनों का परीक्षण कर समय-सीमा में प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जाए।
राशन कार्ड से लेकर सीमांकन और पेंशन तक के आवेदन
जनदर्शन में तहसील जांजगीर के ग्राम खोखरा निवासी श्रीमती निशा सूर्यवंशी ने नया राशन कार्ड जारी करने की मांग को लेकर आवेदन दिया। ग्राम सिवनी (नैला) निवासी श्री सनत कुमार पांडेय ने सीमांकन कराने तथा तहसील मुख्यालय के कैलाश नगर निवासी श्री भीषम राठौर ने किसान पोर्टल में दर्ज खसरे में नाम सुधार कराने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया।
इसी प्रकार चांपा निवासी श्री सईद अहमद खान ने पेंशन स्लिप में आवश्यक सुधार कराने के लिए आवेदन दिया।
कलेक्टर श्री महोबे ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन का नियमानुसार परीक्षण करते हुए पात्र हितग्राहियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए और प्रकरणों का निराकरण अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए।



